मिडिल ईस्ट में फिर बिगड़ेंगे हालात? ईरान ने ही US संग शांति वार्ता पर लगाया ब्रेक; इजरायली हरकत से बौखलाया
ईरान ने लेबनान पर इजरायल के सैन्य हमलों का विरोध करते हुए अमेरिका के साथ चल रही अप्रत्यक्ष वार्ता को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। तसनीम के मुताबिक, इजरायली हमलों के जारी रहने और युद्धविराम के उल्लंघन के चलते ईरानी वार्ता टीम ने सभी बातचीत और संदेशों का आदान-प्रदान रोक दिया है।

ईरान ने लेबनान पर इजरायल के सैन्य हमलों का विरोध करते हुए अमेरिका के साथ चल रही अप्रत्यक्ष वार्ता को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक, इजरायली हमलों के जारी रहने और युद्धविराम की पूर्व शर्तों के उल्लंघन के चलते ईरानी वार्ता टीम ने मध्यस्थों के माध्यम से होने वाली सभी बातचीत और संदेशों का आदान-प्रदान रोक दिया है। ईरान ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि गाजा और लेबनान में इजरायल के युद्ध तुरंत समाप्त किए जाएं तथा लेबनान से इजरायली सैनिकों की पूर्ण वापसी हो।
एजेंसी ने बताया कि जब तक ईरान और क्षेत्रीय प्रतिरोधी गुट इन मुद्दों पर संतुष्ट नहीं हो जाते, तब तक कोई भी वार्ता संभव नहीं है। तसनीम के अनुसार, तेहरान और उसके सहयोगी समूहों ने अब अपने एजेंडे में होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने तथा लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब अल-मंडेब समेत अन्य मोर्चों को सक्रिय करने के विकल्प भी शामिल कर लिए हैं।
नेतन्याहू ने दिया है हमले का आदेश
इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनान के दक्षिणी इलाकों में हिजबुल्लाह के नियंत्रण वाले शहरों को ‘आतंकवादी ठिकाने’ करार देते हुए और हमलों के आदेश दिए थे। उन्होंने इन कार्रवाइयों को इजरायली नागरिकों पर गोलाबारी और अमेरिका की मध्यस्थता वाले युद्धविराम समझौते के उल्लंघनों का जवाब बताया।
लेबनान में जारी है तनाव
16 अप्रैल को लेबनान में युद्धविराम घोषित होने के बाद इजरायल ने मुख्य रूप से दहियाह क्षेत्र में सीमित हमले किए हैं, लेकिन दक्षिणी लेबनान में लड़ाई लगातार जारी है। रविवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन से फोन पर बात की थी। इस दौरान लेबनानी पक्ष से हिजबुल्लाह पर इजरायल के खिलाफ हमले रोकने के लिए दबाव बनाने की अपील की गई थी, जिसके बदले इजरायल बेरूत पर हमला न करने का आश्वासन देगा।
ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा
इस बीच, दक्षिणी लेबनान में तैनात इजरायली सैनिकों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 900 वर्ष पुराने ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा करने के लिए लितानी नदी पार की। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कात्ज ने कहा कि उनका अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और हिजबुल्लाह की सैन्य क्षमता को पूरी तरह कुचलने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि लेबनान में इजरायली हमले अमेरिका-ईरान तनाव को कम करने वाले राजनयिक प्रयासों में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि लेबनान में कोई भी युद्धविराम व्यापक क्षेत्रीय समझौते का हिस्सा होना चाहिए।
हिजबुल्लाह का पलटवार
दूसरी ओर हिजबुल्लाह ने इजरायल पर संघर्षविराम का बार-बार उल्लंघन करने का आरोप लगाया और रविवार को नहारिया में इजरायली सैन्य ठिकानों पर रॉकेट दागने समेत 21 सैन्य अभियान किए जाने की जानकारी दी। वहीं, बढ़ती हिंसा के बीच फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है, जबकि अमेरिका इजरायल और लेबनान के बीच परदे के पीछे राजनयिक प्रयास तेज कर रहा है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


