ट्रंप के गाजा बोर्ड से डील कर रहे हमास चीफ के बेटे को इजरायल ने मार गिराया, टूट जाएगी बातचीत?

Devendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

गाजा के भविष्य को लेकर अमेरिकी मध्यस्थता वाली वार्ताओं के बीच इजरायल और हमास के बीच नाजुक युद्धविराम को बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं। इसी दौरान हमास के वरिष्ठ नेता खलील अल-हय्या के बेटे की इजरायली हवाई हमले में मौत हो गई।

ट्रंप के गाजा बोर्ड से डील कर रहे हमास चीफ के बेटे को इजरायल ने मार गिराया, टूट जाएगी बातचीत?

गाजा के भविष्य को लेकर अमेरिकी मध्यस्थता वाली वार्ताओं के बीच इजरायल और हमास के बीच नाजुक युद्धविराम को बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं। इसी दौरान हमास के वरिष्ठ नेता खलील अल-हय्या के बेटे की इजरायली हवाई हमले में मौत हो गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, हमास अधिकारियों ने बताया कि खलील अल-हय्या के चौथे पुत्र अज्जाम अल-हय्या गाजा शहर में इजरायली हमले में घायल हुए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई। यह खलील अल-हय्या के परिवार का चौथा सदस्य है, जिसकी इजरायली हमलों में जान गई है।

अक्टूबर में घोषित युद्धविराम के बावजूद इजरायली सेना गाजा में लगातार हमले कर रही है। इजरायल इन हमलों में उन ठिकानों को निशाना बना रहा है जिन्हें वह आतंकवादी ठिकाने मानता है। एक अलग हमले में गाजा शहर की एक चौकी पर हमास से जुड़े तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए। हमास ने इन हमलों को वार्ताओं पर दबाव बनाने की इजरायली रणनीति बताया है। हमास का आरोप है कि इजरायल लक्षित हत्याओं के जरिए नेतृत्व पर दबाव डालकर वार्ता प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। अज्जाम अल-हय्या की मौत ने इन आरोपों को और मजबूती दी है।

खलील अल-हय्या ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा, “ये जायोनी हमले और युद्धविराम के उल्लंघन साफ तौर पर दिखाते हैं कि कब्जाकर्ता न तो युद्धविराम का सम्मान करना चाहते हैं और न ही इसके पहले चरण को लागू करना चाहते हैं। हमास के प्रवक्ता हाजेम कासिम ने कहा कि हम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों को बार-बार निशाना बनाने की यह नीति न हमारे फिलिस्तीनी लोगों, न हमास के नेतृत्व और न ही उसके वार्ता प्रतिनिधिमंडल से कोई राजनीतिक रियायत हासिल कर पाएगी।

अज्जाम अल-हय्या के अंतिम संस्कार में गाजा में बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी जमा हुए। लोगों ने 'अल्लाहु अकबर' के नारे लगाए और प्रार्थना के बाद शव को दफनाया। परिवार के सदस्यों ने दुख और प्रतिरोध की भावना जताई। अज्जाम की बहन ने कहा कि हम भी बाकी फिलिस्तीनियों जैसे हैं। हर किसी ने दर्द सहा है, हर किसी ने बलिदान दिया है। हम भी उन्हीं में शामिल हैं।

अमेरिका समर्थित ट्रंप की गाजा योजना पर हो रही वार्ताएं प्रमुख मुद्दों पर गतिरोध में फंस गई हैं। इन मुद्दों में हमास का निरस्त्रीकरण और गाजा में इजरायली सैन्य उपस्थिति शामिल हैं। योजना के तहत पुनर्निर्माण शुरू होने तक इजरायली सैनिकों की वापसी और हमास से हथियार जमा कराने का प्रावधान है। वहीं, हमास अधिकारियों ने साफ कहा है कि जब तक इजरायल अपने वादों को पूरा नहीं करता, वे वार्ता के अगले चरण में नहीं जाएंगे। यह हत्या उसी समय हुई जब हमास के नेता और अन्य फिलिस्तीनी गुट इस सप्ताह काहिरा में मध्यस्थों और दूत निकोले म्लादेनोव से मिल रहे थे।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।