ईरान युद्ध के बीच बेंजामिन नेतन्याहू की UAE को गुप्त यात्रा, पक रही है बड़ी डील?

Devendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को घोषणा की कि बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच गुप्त रूप से UAE की यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की थी।

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को घोषणा की कि बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच गुप्त रूप से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसे दोनों देशों के बीच 'ऐतिहासिक प्रगति' बताया है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू और शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच मुलाकात 26 मार्च को हुई थी। सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य युद्ध के दौरान सैन्य कार्रवाइयों का समन्वय करना था। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी तब जारी की जब अमेरिका के इजरायल में राजदूत माइक हकाबी ने खुलासा किया कि ईरान युद्ध के चरम पर इजरायल ने अपने आयरन डोम सिस्टम के लिए बैटरियां संयुक्त अरब अमीरात से मंगवाई थीं।

बता दें कि अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान पर युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था। अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और संयुक्त हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। यूएई इस युद्ध में सबसे अधिक प्रभावित देशों में शामिल रहा। युद्धविराम के बावजूद यूएई पर कई हमले हुए। यूएई अमेरिका का प्रमुख सहयोगी है और अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला पहला अरब देश है।

गौरतलब है कि इरान और इजरायल के बीच राजनयिक संबंध 2020 में अब्राहम समझौते के तहत शुरू हुए थे, जिसकी मध्यस्थता तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी। इस समझौते से इजरायल को मान्यता मिली और क्षेत्र में आर्थिक व सुरक्षा सहयोग बढ़ा। अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले देशों में यूएई, बहरीन, मोरक्को और सूडान भी शामिल हैं।

हालांकि, अक्टूबर 2023 में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव आ गया। फिलिस्तीन के लिए दो-राज्य समाधान पर इजरायल के रुख के कारण अबू धाबी और तेल अवीव के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। गाजा युद्ध में अब तक 72000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।