8 साल की बच्ची के हाफ पेंट पहनने पर ऐतराज, पुणे के सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों से मारपीट

लाइव हिन्दुस्तान
share

पुणे के सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग लगातार पर्यटकों के साथ मोरल पुलिसिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई लोगों के साथ मारपीट भी की।

Tourists assaulted at Pune Sinhagad Fort objection raised over a girl wearing shorts Maharashtra
पुणे के सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों से मारपीट, 8 साल की बच्ची के हाफ पेंट पहनने पर ऐतराज,

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध सिंह गढ़ किले से एक मारपीट का मामला सामने आया है। यहां पर घूमने के लिए आए एक परिवार से सिर्फ इसलिए मारपीट की गई, क्योंकि उनकी 8 साल की बच्ची ने हाफ पैंट पहन रखा था। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें साफ-तौर पर दो गुटों के बीच में हाथापाई देखी जा सकती है। पुणे पुलिस के मुताबिक यह घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है। इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुणे पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद कपड़ों को लेकर हुई मोरल पुलिसिंग के बाद शुरू हुआ। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक युवक और उसके साथियों ने घूमने के लिए आए एक परिवार से पूछा कि आखिर उनकी 8 साल की बेटी ने हाफ पैंट क्यों पहना हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने बेटी के साथ में मौजूद शख्स के भी हाफ पैंट में होने पर नाराजगी जताई। शुरुआत में हुई बहसबाजी के बाद यह मामला मारपीट तक पहुंच गया। यह काफी समय तक चला। इसकी वजह से वहां मौजूद अन्य पर्यटकों में भी दहशत का माहौल देखने को मिला।

पुणे पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मुताबिक, 16 अगस्त को किले पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान खुद को किला संरक्षण समिति का सदस्य बताते हुए कुछ लोग ग्रुप्स बनाकर वहां घूम रहे थे और लोगों को परेशान कर रहे थे। इस क्रम में उन्होंने एक समूह को रोका, जिसमें कुछ नाबालिग लड़कियों ने शॉर्ट्स पहने हुए थे। इसके बाद मोरल पुलिसिंग के नाम पर इन लोगों ने बहस शुरू कर दी। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। तथाकथित संरक्षक समिति के सदस्य लड़कों ने पर्यटकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर भी हाथ उठाया और बुरा बर्ताव किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटनाक्रम करीब दो घंटे तक चला। इसकी वजह से वहां पर दशहत का माहौल बन गया। इसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। इसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे लोग एक दूसरे को मारते-पीटते और घसीटते हुए नजर आ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में समस्त हिंदू बांधव समाज संगठन से जुड़े आठ सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इन सभी लोगों पर दंगा करने गैर-कानूनी तरीके से जमावड़ा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़8 साल की बच्ची के हाफ पेंट पहनने पर ऐतराज, सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों से मारपीट