शरद पवार की एकनाथ शिंदे से मुलाकात पर बोलीं सुप्रिया सुले, यह सिर्फ एक...
शरद पवार और एकनाथ शिंदे की मुलाकात पर सुप्रिया सुले ने कहा कि यह सिर्फ एक छोटी सी कर्टसी मीटिंग थी। इससे ज्यादा कुछ और नहीं। सुले ने उन चर्चाओं को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उनकी पार्टी की एनडीए में जाने की चर्चा चल रही है।

एनसीपी एसपी अध्यक्ष शरद पवार की पिछले दिनों महाराष्ट्र विधानसभा में हुई राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे संग मुलाकात पर राजनैतिक बवाल पैदा हो गया है। शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने पवार पर निशाना साधा तो शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने रिएक्ट किया है। उन्होंने पवार और शिंदे की मुलाकात को तूल नहीं देने के लिए कहा और इसे सिर्फ एक छोटी सी कर्टसी मीटिंग बताया।
पत्रकारों से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, ''यह सिर्फ एक छोटी सी कर्टसी मीटिंग थी। इससे ज्यादा कुछ और नहीं।'' सुले ने उन चर्चाओं को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उनकी पार्टी की एनडीए में जाने की चर्चा चल रही है। सुले ने कहा कि मैं अपने सभी आठों सांसदों के संपर्क में हूं। हम सब एक हैं।
संजय राउत के बयान पर सुप्रिया सुले ने कहा कि मैंने उनसे बात कर ली है। वह सिर्फ एक गलतफहमी थी और कुछ नहीं। अब सब ठीक है। राउत ने शिंदे को गद्दार बताया था और शरद पवार से मुलाकात पर कहा था कि अगर इतने सीनियर नेता ऐसा करेंगे तो क्रेडिबिलिटी पर असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि इस मुलाकात से हम लोग दुखी हैं।
शरद पवार ने जल्द पाला बदलने संबंधी दावों को खारिज किया
वहीं, शरद पवार और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने को दावा किया कि उनकी पार्टी का कोई भी सांसद प्रतिद्वंद्वी गुट में शामिल नहीं होगा। एनसीपी विधायक धर्मराव अत्राम ने दावा किया था कि शरद पवार की पार्टी के आठ में से पांच सांसद दिसंबर तक महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो जाएंगे। पवार, अत्राम के दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
'एक भी सांसद या विधायक पाला नहीं बदलेगा'
शरद पवार ने पत्रकारों से कहा, "एक भी सांसद या विधायक पाला नहीं बदलेगा।" बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने कहा कि एनसीपी (एसपी) के सभी आठ सांसद पार्टी के साथ हैं। उन्होंने कहा, "अत्राम को शायद ज्यादा जानकारी होगी। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। हम आठों सांसद कल भी एकजुट थे, आज भी एकजुट हैं और कल भी एकजुट रहेंगे। अगर अत्राम के पास पांच सांसदों की सूची है तो उन्हें उनके नाम सार्वजनिक करने चाहिए।" महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी की सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थामने के बाद अत्राम ने यह दावा किया था।


