सलमान खान के घर के बाहर चलीं गोलियां, बाइक पर आए थे दो बदमाश; 3 राउंड की फायरिंग

Apr 14, 2024 09:08 am IST
Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई

रिपोर्ट के मुताबिक, आज सुबह करीब 5 बजे दो अज्ञात लोगों ने यह गोलीबारी की। पुलिस का कहना है कि 3 राउंड की फायरिंग होने की सूचना मिली है। 'दबंग' एक्टर का घर मुंबई के बांद्रा में स्थित है।

सलमान खान के घर के बाहर चलीं गोलियां, बाइक पर आए थे दो बदमाश; 3 राउंड की फायरिंग

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आज सुबह करीब 5 बजे दो अज्ञात लोगों ने यह गोलीबारी की। पुलिस का कहना है कि तीन राउंड की फायरिंग होने की सूचना मिली है। मालूम हो कि 'दबंग' एक्टर का घर मुंबई के बांद्रा में स्थित है। मुंबई पुलिस का क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गया है और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और शुरुआती दौर की जांच-पड़ताल चल रही है। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय सलमान खान घर के अंदर मौजूद थे। फायरिंग करने वाले दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। बताया जा रहा है कि गोलियां चलाने के तुरंत बाद दोनों वहां से भाग गए। घटना के वक्त दोनों ने ही हेलमेट पहना हुआ था। इस वजह से उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। गोलीबारी के चलते किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। मीडिया में जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें देखा जा सकता है कि सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

सलमान खान को मिल चुकी हैं जान से मारने की धमकियां 
मालूम हो कि सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग ऐसे समय हुई है जब उन्हें जान से मारने की धमकियां कई बार मिल चुकी हैं। इसी वजह से वह हमेशा कड़ी सिक्योरिटी में रहते हैं। पिछले साल मार्च में एक्टर के दफ्तर को एक ई-मेल भेजकर सलमान खान को धमकी दी गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बिश्नोई से धमकी मिलने के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई गई। इससे पहले जून 2022 में सलमान और उनके पिता सलीम खान को धमकी भरा खत मिला था। इसमें लिखा गया था कि जो हाल सिद्धू मूसेवाला का हुआ वही हाल हम सलमान का करने वाले हैं। 

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
अगला लेख