फोटो गैलरी

Hindi News महाराष्ट्रराज्यपालों की नियुक्ति के लिए कुछ तो क्राइटेरिया होना चाहिए... उद्धव का फिर कोश्यारी पर निशाना

राज्यपालों की नियुक्ति के लिए कुछ तो क्राइटेरिया होना चाहिए... उद्धव का फिर कोश्यारी पर निशाना

ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी छत्रपति शिवाजी महाराज और समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जैसी श्रद्धेय शख्सियतों का अपमान कर रहे हैं।

राज्यपालों की नियुक्ति के लिए कुछ तो क्राइटेरिया होना चाहिए... उद्धव का फिर कोश्यारी पर निशाना
Amit Kumarपीटीआई,मुंबईSat, 03 Dec 2022 05:22 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर से महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्यपालों की नियुक्ति के लिए कुछ तो क्राइटेरिया (मानदंड) होना चाहिए। उन्होंने शनिवार को कहा कि राज्यपालों के पद के वास्ते व्यक्तियों के चयन के लिए कुछ मानदंड तय किए जाने चाहिए। ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी छत्रपति शिवाजी महाराज और समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जैसी श्रद्धेय शख्सियतों का अपमान कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि एक राज्य मंत्री एकनाथ शिंदे के "विश्वासघात" की तुलना शिवाजी महाराज से कर रहा और फिर भी "ऐसे लोग पद पर बने हुए हैं।" बता दें कि महाराष्ट्र सरकार में पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा था कि एकनाथ शिंदे का उद्धव कैंप से अपने समर्थकों के साथ निकलकर बाहर आना ठीक वैसा ही है जैसे शिवाजी महाराज मुगल शासक औरंगजेब को आगरा किले में चकमा देकर उनके शिकंजे से आजाद हुए थे। 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा, "राज्यपाल भारत के राष्ट्रपति का प्रतिनिधि होता है और ऐसे पद पर किसे नियुक्त किया जा सकता है, इसके लिए कुछ मानदंड होने चाहिए। मैं मांग करता हूं कि इसको लेकर नियम बनाए जाएं।" उन्होंने एक बार फिर से राज्य और इसके प्रतीकों का अपमान करने वालों के खिलाफ लोगों से एकजुट होने की अपील की। ठाकरे ने कहा, "हम आने वाले दिनों में एक कार्यक्रम की घोषणा करेंगे। हम खुद को केवल महाराष्ट्र बंद तक सीमित नहीं रखना चाहते हैं।" 

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद पर बोलते हुए, ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने समकक्ष बसवराज बोम्मई के इस बयान पर मौन थे कि यहां के मंत्रियों का बेलगावी में स्वागत नहीं किया गया था। बोम्मई ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मंत्रियों चंद्रकांत पाटिल और शंभूराज देसाई की अगले सप्ताह बेलगावी की प्रस्तावित यात्रा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह यात्रा अच्छी नहीं थी।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें