फोटो गैलरी

Hindi News महाराष्ट्रफडणवीस के चहेते, ओबीसी चेहरा; बावनकुले को इन 5 वजहों से मिली महाराष्ट्र BJP की कमान

फडणवीस के चहेते, ओबीसी चेहरा; बावनकुले को इन 5 वजहों से मिली महाराष्ट्र BJP की कमान

महाराष्ट्र भाजपा के नए प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस का विश्वासपात्र माना जाता है। साथ ही उन्हें भाजपा के आक्रामक नेतृत्व के रूप मे भी जाना जाता है।

फडणवीस के चहेते, ओबीसी चेहरा; बावनकुले को इन 5 वजहों से मिली महाराष्ट्र BJP की कमान
Gaurav Kalaलाइव हिन्दुस्तान,मुंबईFri, 12 Aug 2022 06:16 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंद्रकांत पाटिल की एकनाथ शिंदे के कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्ति के कारण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली हो गया था। अब उनकी जगह चंद्रशेखर बावनकुले को चुना गया है। कैबिनेट विस्तार में चंद्रशेखर बावनकुले को जगह नहीं मिली। हालांकि, उन्हें पार्टी में क्षेत्रीय अध्यक्ष का पद दिया गया है। 

महाराष्ट्र भाजपा के नए प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का विश्वासपात्र माना जाता है। साथ ही उन्हें भाजपा के आक्रामक नेतृत्व के रूप में भी जाना जाता है। चलिए जानते हैं, उन पांच वजहों को जिनसे बावनकुले की दावेदारी सबसे मजबूत हुई...

ओबीसी चेहरा
चंद्रशेखर बावनकुले महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें नागपुर और विदर्भ में पार्टी के बड़े ओबीसी नेता के रूप में देखा जाता है। बावनकुले ने ओबीसी आरक्षण के दौरान भाजपा की स्थिति को आक्रामक तरीके से पेश किया था। पिछले 10 सालों में कोई भी ओबीसी नेता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर काबिज नहीं हो पाया। भाजपा के लिए ओबीसी समुदाय बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए बीजेपी ने ओबीसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बैठाकर ओबीसी को बड़ा संदेश दिया है।

नितिन गडकरी के चहेते
देवेंद्र फडणवीस के करीबी बावनकुले उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जो विदर्भ के दो सबसे महत्वपूर्ण भाजपा नेताओं में से हैं, दोनों के करीबी हैं। उन्हें दोनों का चहेता नेता माना जाता है। 2019 के विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए खारिज किए जाने के बाद विधान परिषद से उनकी वापसी कराई गई थी। विधान परिषद में बावनकुले के अलावा कई भाजपा नेताओं की दिलचस्पी थी लेकिन, चुने गए बावनकुले।

पार्टी वफादार
बावनकुले को देवेंद्र फडणवीस ने भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया था। फिर भी वह पार्टी के प्रति वफादार रहे। उन्होंने पार्टी को मजबूत करना जारी रखा। उन्होंने हमेशा पार्टी के जनादेश को सर्वोच्च माना। पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी, उसे लेकर उन्होंने पार्टी को आगे बढ़ाने की कोशिश की। प्रदेश अध्यक्ष बनाकर उन्हें इस वफादारी का इनाम मिला है।

फडणवीस कार्यकाल में पद
साल 2014 में देवेंद्र फडणवीस के कार्यकाल के दौरान बावनकुले ने नागपुर के संरक्षक मंत्री के रूप में कार्य किया। उनकी प्रशासन पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

पार्टी कार्यकर्ताओं में पकड़
बावनकुले कई वर्षों से महाराष्ट्र भाजपा में सक्रिय हैं। कई पदों की जिम्मेदारी संभालने के चलते पार्टी कार्यकर्ताओं में उनकी अच्छी पकड़ है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चंद्रकांत पाटिल के बाद बावनकुले उन चुनिंदा नेताओं में से हैं जो कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में सक्षम हैं।

कौन हैं चंद्रशेखर बावकुले?
चंद्रशेखर बावनकुले ने फडणवीस सरकार के दौरान ऊर्षा मंत्री का पद संभाला था। उन्हें दिसंबर 2014 में नागपुर के संरक्षक मंत्री के रूप में भी नियुक्त किया गया था। उन्होंने नागपुर में कामठी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। वह लगातार तीन बार यानी 2004, 2009, 2014 विधानसभा के लिए चुने गए। वह राज्य के आबकारी मंत्री भी रह चुके हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें