'सुसाइड का सबसे अच्छा तरीका' इंटरनेट पर किया सर्च, इंटरपोल को मिल गया अलर्ट; बचा ली जान
मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन को आमतौर पर इंटरपोल के नाम से जाना जाता है। यह एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो दुनिया भर में पुलिस सहयोग और अपराध नियंत्रण की सुविधा प्रदान करता है।

मुंबई में रहने वाला 28 वर्षीय एक व्यक्ति गूगल पर 'आत्महत्या करने का सबसे अच्छा तरीका' खोज रहा था। इंटरपोल को इसका अलर्ट मिल गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उसका पता लगाया और उसे खुदकुशी करने से रोक दिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के रहने वाले इस व्यक्ति को मंगलवार को उपनगरीय मालवणी से बचाया गया, जब पुलिस ने इंटरपोल की ओर से साझा किए गए उसके मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया।
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन को आमतौर पर इंटरपोल के नाम से जाना जाता है। यह एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो दुनिया भर में पुलिस सहयोग और अपराध नियंत्रण की सुविधा प्रदान करता है। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'मंगलवार दोपहर इंटरपोल की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-11 ने बचाव अभियान चलाया। पीड़ित मलाड पश्चिम के मालवणी में रहता है और मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।'
मां की गिरफ्तारी से तनाव में था शख्स
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि व्यक्ति तनाव से गुजर रहा था। वह 2 साल पहले आपराधिक मामले में अपनी मां की गिरफ्तारी के बाद से मुंबई की जेल से उसकी रिहाई नहीं करा पा रहा था। इसे लेकर वह दबान महसूस करता था। उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति पश्चिमी उपनगर मालवणी में रहने से पहले अपने रिश्तेदारों के साथ मीरा रोड इलाके (पड़ोसी ठाणे जिले में) में रहता था। अधिकारी ने कहा, 'वह पिछले 6 माह से बेरोजगार है। वह अपनी मां को जेल से नहीं छुड़ा पाने की वजह से अवसाद में था। जैसे ही उसके मन में जीवन समाप्त करने का विचार आया, उसने आत्महत्या करने के तरीके ऑनलाइन तलाशने शुरू कर दिए।'
गूगल पर सर्च किया 'सुसाइड बेस्ट वे'
शख्स ने कई बार गूगल पर 'सुसाइड बेस्ट वे' सर्च किया, जिस पर इंटरपोल अधिकारियों का ध्यान गया। इन्होंने उसके मोबाइल फोन नंबर के साथ मुंबई पुलिस को इसके बारे में एक ईमेल भेजा। उन्होंने बताया कि उस जानकारी के आधार पर अपराध शाखा को पता चला कि मोबाइल फोन का उपयोगकर्ता मालवणी में था। उन्होंने कहा कि पुलिस वहां पहुंच गई। फिर पीड़ित को हिरासत में ले लिया गया और उसकी काउंसलिंग की गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पेशेवर परामर्शदाताओं की ओर से उसे सलाह दी गई। इसके बाद उसे शहर में अपने रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए कहा गया है।
