विमान का इमरजेंसी गेट खोलने लगा यात्री, क्रू मेंबर ने दर्ज कराया केस
नागपुर से मुंबई पहुंची इंडिगो एयरलाइन के विमान का यात्री इमरजेंसी गेट खोलने लगा। क्रू मेंबर्स को जानकाारी हुई तो वे दौड़े और उसे रोका। इसके बाद पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई।

इस खबर को सुनें
विमान यात्रा के दौरान यात्रियों की अजीब हरकतों को लेकर कई मामले सामने आ चुके हैं। अब मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशल एयरपोर्ट पुलिस ने भी एक मामला दर्ज किया है। आरोप है कि एक यात्री विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश कर रहा था। नागपुर से मुंबई पहुंची फ्लाइट की लैंडिंग के बाद एक शख्स आपातकालीन द्वारा खोलने में लग गया। इसकी जानकारी जब क्रू मेंबर्स को हुई तो उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई।
इंडिगो विमान 6E-4274 के सीनियर केबिन क्रू ने यह शिकायत पुलिस के पास दर्ज करवाई है। पुलिस के मुताबिक घटना 24 जनवरी की है जब नागपुर से उड़ान भरके विमान मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था। दोपहरा 12 बजे के करीब इंडिकेटर से पता चला कि कोई आपातकालीन द्वार खोलने की कोशिश कर रहा है। क्रू मेंबर जब गेट की तरफ दौड़े तोदेखा की एक शख्स ने इमरजेंसी गेट के कवर को निकाल दिया था।
केबिन क्रू ने इसकी जानकारी कैप्टन को दी। इसके बाद दूसरे सीनियर्स से सलाह करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हमने आईपीसी की धारा 336 और अन्य धाराओं के साथ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि उन्हें यात्री का नाम बताया गया है। क्रू मेंबर्स का बयान दर्ज किया जाएगा इसके बाद शख्स पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही एयरइंडिया के एक विमान में शख्स ने शराब के नशे में महिला पर पेशाब कर दी थी। इसके बाद डीजीसीए ने एयरलाइन पर जुर्माना भी लगाया। विमान में हाथापाई के भी कई वीडियो सामने आ चुके हैं।