महाराष्ट्र में कोरोना के 2091 नए मामले, मरीजों की कुल तादाद 54 हजार के पार; 1792 लोगों की मौत

लाइव हिंदुस्तान टीम, मुंबई
Follow us on Google News
share

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से 97 मौतें होने की जानकारी मंगलवार (26 मई) को सामने आई जो कि एक दिन में सबसे अधिक है और 2,091 नए मामले भी सामने आये। यह जानकारी एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी। अधिकारी ने...

महाराष्ट्र में कोरोना के 2091 नए मामले, मरीजों की कुल तादाद 54 हजार के पार; 1792 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से 97 मौतें होने की जानकारी मंगलवार (26 मई) को सामने आई जो कि एक दिन में सबसे अधिक है और 2,091 नए मामले भी सामने आये। यह जानकारी एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि इसमें से 39 मौतें अकेले मुम्बई शहर में हुई हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 1,792 हो गई, जबकि कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 54,758 हो गए। अधिकारी ने कहा, ''97 मौतों में से 35 मौतें पिछले दो दिनों में हुईं जबकि बाकी 62 मौतें 17 अप्रैल से 23 मई के बीच हुईं।" उन्होंने कहा कि अस्पतालों से 1,168 मरीजों को ठीक होने के बाद छु्ट्टी दी गई जिससे ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 16,954 हो गई।

दूसरी ओर, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में मंगलवार (26 मई) को कोरोना वायरस से संक्रमण के 38 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां पर कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,621 हो गई है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि धारावी में कोई नई मौत नहीं हुई है लेकिन अबतक यहां पर कोविड-19 से 60 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने बताया, ''इन 38 नए मामलों में सबसे अधिक माटुंगा श्रमिक शिविर इलाके में नौ मरीज मिले हैं।"

— ANI (@ANI) May 26, 2020

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंगलवार (26 मई) को कोविड-19 के 1,002 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 32,791 हो गई है। वहीं इस अवधि में 39 और लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि 39 और लोगों की मौत के साथ शहर में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 1,065 हो गई है। उन्होंने बताया कि 39 मृतकों में 25 अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त थे। बीएमसी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार (26 मई) को संक्रमण मुक्त होने के बाद 410 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसके साथ ही मुंबई में अबतक 8,814 मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 866 नए संदिग्ध मरीजों को मंगलवार को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

महाराष्ट्र में कोरोना के कारण अब तक 20 पुलिसकर्मियों की मौत
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण अब तक 20 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 207 अधिकारियों सहित 1,889 पुलिसकर्मी इस घातक वायरस से संक्रमित हुए हैं। उनमें से ज्यादातर मुंबई और नासिक ग्रामीण से हैं। उन्होंने कहा कि अब तक एक अधिकारी सहित 20 पुलिस कर्मियों की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है। इसके साथ ही 67 अधिकारियों सहित कम से कम 838 पुलिसकर्मियों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। 

Rakesh Kumar

लेखक के बारे में

Rakesh Kumar