महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी, ठाकरे कैबिनेट में मंत्री धनंजय मुंडे दूसरी बार COVID-19 पॉजिटिव
महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी है। उद्धव ठाकरे कैबिनेट के एक और मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हाल ही में उद्धव ठाकरे के बेटे और उनकी कैबिनेट में मंत्री आदित्य ठाकरे भी कोरोना संक्रमित हो गए...

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी है। उद्धव ठाकरे कैबिनेट के एक और मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हाल ही में उद्धव ठाकरे के बेटे और उनकी कैबिनेट में मंत्री आदित्य ठाकरे भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। अब राज्य के सामाजिक न्याया मंत्री और एनसीपी नेता धनंजय मुंडे भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
धनंजय मुंडे ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। आपको बता दें कि धनंजय मुंडे दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इससे पहले उन्हें बीते साल जून के महीने में कोरोना हुआ था। उस समय वह कोरोना पॉजिटिव होने वाले महाराष्ट्र सरकार के तीसरे मंत्री थे।
Maharashtra Minister Dhananjay Munde tests positive for COVID19 pic.twitter.com/Gki7PLw4ff
इससे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर कहा था, ''कोरोना के हल्के लक्षण मिलने के बाद, मैंने कोरोना की जांच करवाई, जिसमें मैं पॉजिटिव पाया गया हूं। मैं सभी से रिक्वेस्ट करता हूं कि जो मेरे संपर्क में आए हों, वे अपनी जांच करवा लें। कोरोना प्रोटोकॉल्स को फॉलो करें और सुरक्षित रहें।''
महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित कई राज्यों में बढ़ रहे कोविड-19 के मामले
देश के कई राज्यों में कोविड-19 के दैनिक मामले तेजी से बढ़े हैं। अलग-अलग राज्यों की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन और स्वास्थ्य अधिकारियों से यह जानकारी मिली है। महाराष्ट्र में कोविड-19 के 28,699 नए मामले सामने आए हैं और 132 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की यह संख्या पिछले साल के 20 नवंबर के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा है। यहां अब 2,30,641 मरीजों का उपचार चल रहा है। मुंबई में 3,514 नए मामले सामने आए, जबकि पुणे में 5,722 नए मामले सामने आए।
कर्नाटक में चार महीने के अंतराल के बाद कोविड-19 के 2,010 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि यहां अब 15,595 मरीजों का उपचार चल रहा है।
केरल में कोविड-19 के 1,985 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 लाख से ज्यादा हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 10 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,517 हो गई।
ओडिशा में कोविड-19 के 113 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर यहां 3,39,076 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यहां अब 898 मरीजों का उपचार चल रहा है।
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 492 नए मामले सामने आए हैं, जो कि पिछले दो महीने में सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हालिया बुलेटिन में बताया गया कि यहां अब 2,616 मरीजों का उपचार चल रहा है।
जम्मू-कश्मीर में कोविड-19 के 157 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,28,679 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में दो और मरीजों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यहां अब 1,410 मरीजों का उपचार चल रहा है।
सिक्किम में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के दो नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर यहां 6,208 हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में 42 मरीजों का उपचार चल रहा है।
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

