फोटो गैलरी

Hindi News महाराष्ट्र'2+2 हमेशा 4 नहीं होते... सर्वे में एमवीए की जीत पर बोले सीएम शिंदे; उद्धव ने भी दिया जवाब

'2+2 हमेशा 4 नहीं होते... सर्वे में एमवीए की जीत पर बोले सीएम शिंदे; उद्धव ने भी दिया जवाब

शिंदे ने कहा कि उन्होंने हाल में संपन्न हुए ग्राम पंचायत चुनाव के परिणामों को नजर अंदाज कर दिया जिसमें बालासाहेबांची शिवसेना (शिंदे की अगुवाई वाला धड़ा) और भाजपा ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था।

'2+2 हमेशा 4 नहीं होते... सर्वे में एमवीए की जीत पर बोले सीएम शिंदे; उद्धव ने भी दिया जवाब
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,मुंबईFri, 27 Jan 2023 07:52 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

अगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एक हालिया सर्वेक्षण में महाराष्ट्र में पूर्व सत्ताधारी महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन की जीत दिखाई गई है। सर्वे को खारिज करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी रिकॉर्ड तोड़ देंगे। सर्वेक्षण से जुड़े सवाल पर शिंदे ने सीधा जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘आगामी आम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) भारी बहुमत से अपनी सत्ता को बरकरार रखेगा।’’

मुठ्ठी भर लोगों का सर्वेक्षण सही तस्वीर नहीं प्रस्तुत करता: शिंदे 

शिंदे ने कहा कि मुठ्ठी भर लोगों के बीच किया गया सर्वेक्षण सही तस्वीर नहीं प्रस्तुत करता। शिंदे ने कहा कि उन्होंने हाल में संपन्न हुए ग्राम पंचायत चुनाव के परिणामों को नजर अंदाज कर दिया जिसमें बालासाहेबांची शिवसेना (शिंदे की अगुवाई वाला धड़ा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। शिंद ने कहा कि राजनीति में ‘दो प्लस दो’ हमेशा चार नहीं होता। 

महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार गिराने को लेकर शिंदे और अन्य 39 विधायकों के संदर्भ में शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि धोखेबाजी और पलाबदल से शिवसेना और महाराष्ट्र की बदनामी हुई। इसके जवाब में शिंदे ने कहा, ‘‘हम अपने काम से जवाब देंगे। यदि आप दो आरोप लगाएंगे, तो हम चार काम करेंगे। यह हमारा जवाब होगा। लोगों की रुचि आरोप-प्रत्यारोप में नहीं है।’’

"शिंदे-फडणवीस गठबंधन को हरा देगा MVA"

शिंदे से पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं, तो महा विकास अघाड़ी कुल 48 सीटों में से 34 सीटें जीतकर शिंदे-फडणवीस गठबंधन को हरा देगी। उद्धव ठाकरे ने इंडिया टुडे-सी वोटर के मूड ऑफ द नेशन पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मुझे यकीन है कि एमवीए 2024 के लोकसभा चुनाव में कम से कम 40 सीटें जीतेगा।"

बता दें कि उद्धव के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद गिर गई थी। इस गठबंधन में उद्धव सेना के अलावा, कांग्रेस और एनसीपी शामिल हैं। उद्धव नीत सरकार गिरने के बाद जब पिछले साल अगस्त एक सर्वे हुआ था तब MVA के पक्ष में 30 सीटें बताई गई थीं। लेकिन अब यह संख्या बढ़ी है।

सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों की सूची में 8वें नंबर पर एकनाथ शिंदे 

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "तो 'मूड ऑफ नेशन सर्वे' साबित करता है कि महाराष्ट्र के लोगों ने गद्दारों और असंवैधानिक कदमों के सूत्रधार भाजपा के प्रति दया नहीं दिखाई है।" सर्वे के मुताबिक, सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों की सूची में भी, एकनाथ शिंदे 8वें स्थान पर हैं। सर्वेक्षण के अनुसार केवल 2.2% लोग उनके पक्ष में हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें