'ताज होटल को जेल बना दिया', शिंदे पर राउत के गंभीर आरोप; मुंबई मेयर पर सस्पेंस गहराया

Jan 18, 2026 01:52 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा 25 वर्षों तक BMC पर शासन करने वाली उनकी पार्टी को खत्म करने में विफल रही। ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में कहा, ‘मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) का महापौर बनाना मेरा सपना है।'

'ताज होटल को जेल बना दिया', शिंदे पर राउत के गंभीर आरोप; मुंबई मेयर पर सस्पेंस गहराया

मुंबई के अगले मेयर को लेकर रहस्य की स्थिति बन गई है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने अपने नवनिर्वाचित पार्षदों को शनिवार को शहर के एक आलीशान होटल में शिफ्ट कर दिया। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने इसे लेकर शिंदे पर रविवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे ने ताज होटल को जेल बना दिया है। राउत ने कहा, 'जो कॉर्पोरेटर जीते हैं और उन्हें वहां रखा जा रहा है, उन्हें ताज होटल से रिहा किया जाना चाहिए। वे डर के कारण रखे गए हैं। बहुत से लोग हमारे संपर्क में हैं। मुंबई में बीजेपी का मेयर कौन चाहता है? खुद एकनाथ शिंदे भी यह नहीं चाहते।'

संजय राउत ने कहा कि गठबंधन (बीजेपी-शिवसेना) से चुनकर आए पार्षद... किसी के द्वारा उनको अगवा कर लिए जाने, धमकाए जाने या नुकसान पहुंचाए जाने के डर से, उन्हें ताज होटल में कैद करके रखा गया है। उन्हें तुरंत उन 29 या 25 लोगों को रिहा करना चाहिए, जिन्हें वहां कैद करके रखा गया है। बीएमसी के लिए हुए चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी शिवसेना (UBT) के मुखिया उद्धव ठाकरे ने यह कहकर अटकलों को और हवा दे दी कि अगर भगवान की इच्छा हुई तो महापौर उनकी पार्टी का हो सकता है। शुक्रवार को हुई मतगणना में भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने 227 सदस्यीय बीएमसी में स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जिसमें उन्हें क्रमशः 89 और 29 सीट मिलीं।

पार्षदों को होटल लेकर क्यों गए

एकनाथ शिंदे की पार्टी के एक सीनियर नेता ने कहा कि पार्षदों को बांद्रा के एक आलीशान होटल में ले जाया जा रहा है ताकि वे व्यस्त चुनावी माहौल के बाद खुद को तरोताजा कर सकें। पार्टी के एक अन्य पदाधिकारी ने कहा कि पार्षदों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें कुछ दिन के लिए होटल में ठहराया जाएगा। इससे पहले दिन में, उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा 25 वर्षों तक BMC पर शासन करने वाली उनकी पार्टी को खत्म करने में विफल रही। ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में कहा, ‘मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) का महापौर बनाना मेरा सपना है और अगर देवा की कृपा रही तो यह सपना साकार होगा।

सीटों का कैसा है समीकरण

उद्धव ठाकरे के बयान के बारे में सवाल करने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मजाक में पूछा कि क्या देवा से उनके पूर्व सहयोगी का तात्पर्य मुझसे है या ऊपर वाले भगवान से। उन्होंने कहा, ‘मुझे भी देवा कहा जाता है, इसलिए मैं पूछ रहा हूं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊपर वाले भगवान ने तय किया है कि महापौर महायुति का होगा। बीएमसी के चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) को 65 और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को 6 सीट मिलीं। वंचित बहुजन आघाडी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीट, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को 8, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को तीन, समाजवादी पार्टी को दो और एनसीपी (SP) को सिर्फ एक सीट मिली।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें