बूढ़े हो गए मंत्री, शिवसेना में उठने लगी एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनाने की मांग
शिवसेना विधायक संतोष बांगर ने श्रीकांत शिंदे की सभा के दौरान कहा कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री बूढ़े हो गए हैं। ऐसे में युवाओं को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मिलकर प्रयास करना होगा कि अगली बार एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया जा सके।

शिवसेना विधायक संतोष बांगर ने कहा कि पार्टी के मौजूदा मंत्री बूढ़े हो चुके हैं और पार्टी को युवा नेताओं को मौका देना चाहिए, जिससे एकनाथ शिंदे 2029 में फिर मुख्यमंत्री बन सकें। हिंगोली जिले की कलमनुरी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले बांगर ने यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को पार्टी सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में निकाली गई 'शिवसंवाद' यात्रा के दौरान की।
फोन नहीं उठाते मंत्री- शिवसेना विधायक
शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बांगर ने पार्टी नेतृत्व से युवा नेताओं को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा मंत्री फोन कॉल का जवाब नहीं देते। इससे पहले नांदेड़ में भी उन्होंने इसी तरह की शिकायत की थी। किसी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, 'ये लोग बूढ़े हो गए हैं और ठीक से बोल, चल या सुन नहीं सकते। मैं यह नहीं कह रहा कि इन्हें हटाया जाए, लेकिन इन्हें दूसरी जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। बकरियों के पीछे शेर खड़े हैं। अगर शेरों को आगे लाया जाए तो शिवसेना के एकनाथ शिंदे 2029 में फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।'
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) राज्य की सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दल हैं। शिंदे 2022 में अविभाजित शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत की अगुवाई करने के बाद मुख्यमंत्री बने थे। इस कदम से पार्टी में विभाजन हो गया था और महा विकास आघाडी सरकार गिर गई थी, जिसका नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे थे। 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद शिंदे उपमुख्यमंत्री बने, जबकि मुख्यमंत्री पद देवेंद्र फडणवीस को मिला। इससे पहले देवेंद्र फडणवीस एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली सरकार में उनके साथ काम कर रहे थे।
एक दिन पहले ही पीएम मोदी से मिले हैं फडणवीस
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में शिवसेना के 57 विधायक हैं। बता दें कि गुरुवार को ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीएम मोदी से मुलाकात की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’ फडणवीस ने बाद में कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मांगा।
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मैंने उन्हें महाराष्ट्र के कई कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति तथा स्थिति की भी जानकारी दी। हमारे प्रधानमंत्री से मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। माननीय प्रधानमंत्री आपका बहुत-बहुत आभार!"
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें

