महाराष्ट्र MLC चुनाव में गठबंधन के अंदर ही घमासान, दोनों खेमों में बगावत; होगा खेला?
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्ताधारी महायुति और विपक्षी एमवीए दोनों गठबंधनों में बगावत सामने आ गई है। नामांकन की आखिरी तारीख खत्म होते ही असंतुष्ट नेताओं ने अपने ही दल के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल कर दिए।

महाराष्ट्र में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की समयसीमा समाप्त होने के साथ ही सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) दोनों में बगावत सामने आ गई। दोनों गठबंधनों के असंतुष्ट दावेदारों ने आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल किए हैं। पार्टी के भीतर बगावत के अलावा गठबंधन के घटक दलों के बीच भी सीट को लेकर खींचतान सामने आई है और कुछ दलों ने एक-दूसरे की सीट पर दावे करते हुए उम्मीदवार उतार दिए हैं।
बता दें कि 78 सदस्यीय विधान परिषद की पांच सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। ये पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं। भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) महायुति के घटक हैं, जबकि कांग्रेस, राकांपा (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) एमवीए का हिस्सा हैं।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा है। हालांकि, भाजपा में भी सब कुछ ठीक नहीं है। पूर्व विधान परिषद सदस्य और पार्टी नेता अनिल सोले ने टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है।
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने अदिति पोहरे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि महायुति ने शिवसेना के मौजूदा विधान परिषद सदस्य किरण सरनाइक को मैदान में उतारा है। हालांकि, कांग्रेस के उम्मीदवार के बावजूद शिवसेना (UBT) ने दत्तात्रेय लहाने को भी मैदान में उतार दिया है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा था कि पार्टी ने अमरावती शिक्षक सीट से लहाने और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से दिलीप घुगे को उम्मीदवार बनाया है।
पुणे स्नातक सीट से भाजपा की स्मिता जाधव ने नामांकन दाखिल किया है। वह 'पुधारी' समूह के अध्यक्ष एवं संपादक योगेश जाधव की पत्नी हैं। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के कौस्तुभ गावड़े ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना के मंगेश चिवटे ने भी इसी सीट से नामांकन दाखिल किया है।
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए सीट बंटवारे का मुद्दा गठबंधन सहयोगियों के बीच बातचीत से सुलझा लिया जाएगा। तटकरे ने कहा कि राकांपा के पास छत्रपति संभाजीनगर स्नातक और पुणे स्नातक, दो सीटें थीं और पार्टी को उम्मीद थी कि गठबंधन में पुणे सीट उसे दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वह और राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी के सभी नेता उम्मीद कर रहे थे कि पुणे सीट राकांपा को मिलेगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर चर्चा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री तथा भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से भी बात की जाएगी। तटकरे ने कहा कि जब भी ऐसा सवाल उठता है, उसे सुलझाने के तरीके होते हैं। बेशक, बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। हमें आपस में सौहार्दपूर्ण तरीके से चर्चा करनी होगी और कोई फार्मूला निकाला जा सकता है।
बता दें कि मतदान 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। संबंधित भौगोलिक संभाग में रहने वाले पंजीकृत स्नातक और शिक्षक इन चुनावों में मतदान के पात्र होंगे।

