Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़puja fight and hotel room new twist in maharashtra woman doctor suicide
पूजा, लड़ाई और फिर होटल का कमरा... महिला डॉक्टर के सुसाइड केस में नया मोड़

पूजा, लड़ाई और फिर होटल का कमरा... महिला डॉक्टर के सुसाइड केस में नया मोड़

संक्षेप: पुलिस की जांच में पता चला है कि जान देने से पहले महिला डॉक्टर आरोपी प्रशांत बानकर के घर भी गई थी और वहां हो रही पूजा में हिस्सा लिया था। वहां प्रशांत बानकर से महिला डॉक्टर की बहस हो गई थी। इसके बाद वह निकली और एक होटल में चली गई, जहां अपनी जान दे दी।

Tue, 28 Oct 2025 01:08 PMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share Share
Follow Us on

महाराष्ट्र के सतारा जिले की 28 वर्षीय महिला डॉक्टर के आत्महत्या करने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इनसे मामला भी टर्न लेता दिख रहा है। अब जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार पीड़िता ने आत्महत्या के लिए उकसाने के दो आरोपियों में से एक पुलिस वाले को मेसेज भी किए थे। इन मेसेज में उसने यह संकेत दिया था कि वह परेशान है। यही नहीं जान देने से पहले महिला डॉक्टर आरोपी प्रशांत बानकर के घर भी गई थी और वहां हो रही पूजा में हिस्सा लिया था। वहां प्रशांत बानकर से महिला डॉक्टर की बहस हो गई थी। इसके बाद वह निकली और एक होटल में चली गई, जहां अपनी जान दे दी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

महिला डॉक्टर ने रेप का आरोप लगाते हुए हथेली पर ही एक सुसाइड नोट लिखा था। इसके अलावा 4 पन्ने का एक लेटर भी छोड़ा है। महिला डॉक्टर ने लिखा था कि पुलिसकर्मी गोपाल बडाने ने उसका रेप किया था। इसके अलावा प्रशांत उसे ब्लैकमेल करने में जुटा था। डॉक्टर का कहना था कि पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बानकर उनके मकान मालिक का बेटा है। वह उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया है। सतारा पुलिस के चीफ तुषार दोशी का कहना है कि पुलिस ने डॉक्टर और दोनों आरोपियों के बीच हुई चैट को रिकवर कर लिया है।

बडाने के साथ डॉक्टर की बातचीत मार्च में समाप्त हो गई थी। इसके बाद भी वह प्रशांत बानकर के संपर्क में थी। यहां तक कि होटल में जान देने जाने से पहले भी उसने प्रशांत के घर का दौरा किया था। पुलिस को यह भी पता चला है कि डॉक्टर और पुलिसकर्मी गोपाल बडाने के बीच विवाद हुआ था और एक मीटिंग करके उसे हल किया गया था।

आरोपी के घर पूजा में क्यों गई थीं महिला डॉक्टर

मीडिया से बातचीत में महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकनकर ने कहा कि डॉक्टर लक्ष्मी पूजा के लिए प्रशांत बानकर के घर गई थीं। चाकनकर ने कहा, 'लक्ष्मी पूजन के दिन मृतका बानकर के घर पर थी। ऐसा लगता है कि तस्वीरें खींचने को लेकर दोनों में बहस हुई थी, क्योंकि तस्वीरें ठीक से नहीं ली गई थीं। बहस के बाद डॉक्टर घर छोड़कर चली गईं। बानकर के पिता उन्हें वापस घर ले आए, लेकिन वह फिर से एक लॉज में रहने चली गईं। चाकनकर ने कहा, 'मृतका और दोनों आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड से पता चलता है कि मृतका मार्च तक पीएसआई बदाने के संपर्क में थी, और उसके बाद उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई।'

मेसेज से दिया था संकेत- उठा सकती है कोई बड़ा कदम

उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने बानकर को संदेश भेजे थे और संकेत दिया था कि वह कोई बड़ा कदम उठाने वाली हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने उस रात उन्हें फोन भी किया था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला है। सतारा पुलिस प्रमुख दोशी ने पुष्टि की कि महिला डॉक्टर घटना से पहले बानकर के संपर्क में थीं और उनके बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर बदाने के खिलाफ सुसाइड नोट में उल्लिखित बलात्कार के आरोपों की भी जांच चल रही है और उनके संयुक्त ठिकानों और चैट की भी जांच की जा रही है।

Surya Prakash

लेखक के बारे में

Surya Prakash
दुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। करियर की शुरुआत प्रिंट माध्यम से करते हुए बीते करीब एक दशक से डिजिटल मीडिया में हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क के इंचार्ज हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।