VSR एविएशन और DGCA के खिलाफ दर्ज करो FIR, अजित पवार प्लेन क्रैश पर फूटा गुस्सा; थाने में नोकझोंक
NCP विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने युगेंद्र पवार और राजेंद्र पवार के साथ बारामती पुलिस स्टेशन में धरना दिया और अधिकारियों पर कंपनी तथा डीजीसीए के खिलाफ मामला दर्ज करने का दबाव बनाया।

महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार से जुड़े विमान हादसे के मामले में निजी विमानन कंपनी वीएसआर (VSR) एविएशन और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर बारामती के स्थानीय निवासियों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया और वीएसआर एविएशन और DGCA के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। NCP विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने युगेंद्र पवार और राजेंद्र पवार के साथ बारामती पुलिस स्टेशन में धरना दिया और अधिकारियों पर कंपनी तथा डीजीसीए के खिलाफ मामला दर्ज करने का दबाव बनाया।
एक दिन पहले रोहित पवार ने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस थाने में शिकायत देकर वीएसआर एविएशन और डीजीसीए के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने कथित निष्क्रियता और लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों ने हालांकि प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार करते हुए कहा कि शिकायत स्वीकार कर ली गई है और समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। बताया जा रहा है कि शिकायत को राज्य की आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को भेज दिया गया है, जो विमान दुर्घटना की जांच कर रहा है।
रोहित पवार और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक
प्राथमिकी दर्ज न होने पर रोहित पवार और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पवार ने आरोप लगाया कि पुलिस पर बाहरी दबाव है और फोन कॉल के बाद कार्रवाई टाली जा रही है। उन्होंने अपराध दर्ज करने में हो रही देरी पर सवाल उठाए और चेतावनी दी थी कि मुंबई में कार्रवाई न होने पर वह बारामती में आंदोलन तेज करेंगे। धरने के दौरान राजेंद्र पवार ने कहा कि वे बारामती के आम नागरिकों और दिवंगत अजित पवार के समर्थकों की भावनाओं को व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए हैं।
एनसीपी ने पुणे में भी प्रदर्शन किया
उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को न्याय से वंचित किया जा रहा है और सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए। इसी मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने पुणे में भी प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर वीएसआर एविएशन और डीजीसीए के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।


