रितु तावड़े का निर्विरोध मुंबई का मेयर चुने जाने का रास्ता साफ, कौन होगा उपमहापौर

Feb 08, 2026 09:30 am ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुंबई में अपना पहला महापौर बनाने जा रही है। इसके बाद इस शहर के नगर निकाय में ठाकरे परिवार का 25 साल का दबदबा खत्म हो जाएगा। भाजपा पार्षद रितु तावड़े ने शनिवार को इस पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

रितु तावड़े का निर्विरोध मुंबई का मेयर चुने जाने का रास्ता साफ, कौन होगा उपमहापौर

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुंबई में अपना पहला महापौर बनाने जा रही है। इसके बाद इस शहर के नगर निकाय में ठाकरे परिवार का 25 साल का दबदबा खत्म हो जाएगा। भाजपा पार्षद रितु तावड़े ने शनिवार को इस पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तावड़े का निर्विरोध महापौर चुना जाना तय है, क्योंकि किसी अन्य ने इस पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। महायुति में भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने संजय घाडी को उपमहापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। तावड़े और घाडी ने मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख अमित साटम, पूर्व शिवसेना सांसद राहुल शेवाले और महायुति के अन्य नेताओं की मौजूदगी में महानगरपालिका के सचिव के कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया।

11 फरवरी को पूरी होगी प्रक्रिया
बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नामांकन दाखिल करने की शाम छह बजे की समय सीमा से पहले, उन्हें महापौर पद के लिए भाजपा की तावड़े और उपमहापौर पद के लिए घाडी का ही नामांकन प्राप्त हुआ है। विपक्षी दलों ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, फिर भी महापौर चुनाव प्रक्रिया 11 फरवरी को तय प्रक्रिया के अनुसार पूरी होगी। शिवसेना सचिव संजय मोरे ने एक बयान में कहा है कि वार्ड 5 के पार्षद घाडी 15 महीने तक उपमहापौर के पद पर पर काम करेंगे। वह शिवसेना (उबाठा) के उन वरिष्ठ पूर्व पार्षदों में से एक थे, जो पाला बदलकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे। मुंबई में उपमहापौर का कार्यकाल बांटकर शिवसेना अपने चार और पार्षदों को इस पद पर मौका देना चाहती है।

ऐसा रहा है सफर
भाजपा महापौर उम्मीदवार तावड़े 2012 में पार्टी में शामिल हुई थीं और उसी साल पार्षद चुनी गयी थीं। पार्षद के तौर पर अपने पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा समिति की अध्यक्षता की और स्थानीय बुनियादी ढांचे, पानी की आपूर्ति और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाने में सक्रिय रूप से शामिल रहीं। घाटकोपर पूर्व (वार्ड 132) की दो बार की पार्षद अपने पिछले कार्यकाल के दौरान दुकानों में पुतलों पर आपत्तिजनक कपड़ों का मुद्दा उठाने के लिए सुर्खियों में आई थीं। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए साटम ने कहा कि मुंबई को 44 साल बाद भाजपा का महापौर मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भ्रष्टाचार के चंगुल से आजाद कराने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की आजादी सभी को है। हमारे पास 118 पार्षदों का समर्थन है और ज्यादा सदस्यों का भी समर्थन है।

ज्यादा कार्यकर्ताओं को मौका
भाजपा नेता ने कहा कि महायुति ने पहले दिन से ही कहा था कि मुंबई का महापौर मराठी और हिंदू होगा और बताया कि अब शहर को ‘एक मराठी, मालवणी, कोंकणी और हिंदू महापौर’ मिलेगा। साटम ने कहा कि शिवसेना ने ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं को मौका देने के लिए उपमहापौर का कार्यकाल 15 महीने का रखा होगा। गौरतलब है कि 227 सदस्यीय बीएमसी के चुनाव में भाजपा 89 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं। सत्तारूढ़ गठबंधन के पास कुल 118 पार्षद हैं और उसने बहुमत के 114 के आंकड़े को पार कर लिया है तथा महापौर पद हासिल करने की अच्छी स्थिति में है।

खत्म हो जाएगा शिवसेना का दौर
बीएमसी में 1997 से 25 वर्षों तक राज करने वाली शिवसेना (उबाठा) ने 65 सीट जीतीं, जबकि उसके सहयोगी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने क्रमशः छह और एक सीट जीती। अन्य दलों में कांग्रेस ने 24 सीट जीतीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने आठ, राकांपा (अजित पवार गुट) ने तीन और समाजवादी पार्टी ने दो सीट जीतीं। नौ साल के अंतराल के बाद हुए इस बड़े चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते। पिछला कार्यकाल खत्म होने के बाद बीएमसी आयुक्त सात मार्च 2022 से राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक के तौर पर काम कर रहे हैं। देश के सबसे अमीर नगर निकाय बीएमसी का 2025-26 का बजट 74,450 करोड़ रुपये तय किया गया था, जो कुछ छोटे राज्यों के बजट से भी ज्यादा है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।