
पत्नी के पेट में किसी और का है बच्चा, पुलिसकर्मी को था शक; सुसाइड के लिए कर दिया मजबूर
रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के पति प्रभु चाते को महिला के चरित्र पर शक था। उसे यह भी संदेह था कि उसके अजन्मे बच्चे का पिता कोई और था। शिकायत के अनुसार, स्वाति की शादी इसी साल अप्रैल में प्रभु से हुई थी।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के माता-पिता और परिवार के एक अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हुई है। पुलिसकर्मी बुलढाणा जिले का रहने वाला है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला स्वाति चाते ने 27 नवंबर को मीरा रोड स्थित अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 19 वर्षीय पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता को उसके पति और परिवार के सदस्यों द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी जा रही थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के पति प्रभु चाते को महिला के चरित्र पर शक था। उसे यह भी संदेह था कि उसके अजन्मे बच्चे का पिता कोई और था। शिकायत के अनुसार, स्वाति की शादी इसी साल अप्रैल में प्रभु से हुई थी। इसके तुरंत बाद उसके पति और ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसका पति शराब पीकर घर आता और उसके साथ मारपीट करता। दंपति 2 नवंबर को मीरा रोड चले गए। उसका पति वहां पर भी उसे पीटता रहा। वह बच्चे के जैविक पिता की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराने के लिए कहता रहा।
पीड़िता ने मां को फोन पर क्या बताया
स्वाति ने 27 नवंबर को अपनी मां को फोन पर बताया कि वह यातना सहन नहीं कर पा रही है और बाद में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मीरा रोड पुलिस थाने के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, 'हमने पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की गहन जांच कर रहे हैं।' तीन अन्य आरोपियों की पहचान उसके पति के पिता भगवान चाते (63), मां रंजना (55) और बहन पुष्पा सनप (30) के रूप में हुई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।





