अभिजीत दीपके कल धन्यवाद दे रहे थे, आज मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क प्रोटेस्ट को लेकर केस कर दिया

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे थे।

Mumbai Police registers case organizers and 500 supporters CJP Shivaji Park Protest
2अक्टूबर को बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क पहुंचे थे।

मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर आयोजकों और 400-500 अज्ञात समर्थकों व प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शिवाजी पार्क थाने में केस नंबर 515/26 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 और 223 के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(3) और 135 लगाई गई हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस के रवैये की तारीफ करते हुए उसे धन्यवाद दिया था। दीपके ने पुलिसकर्मियों को सलाम करते हुए एक्स पर लिखा था कि मुंबई पुलिस के सहयोग के लिए धन्यवाद और दिल्ली पुलिस को मुंबई पुलिस से सीखना चाहिए।

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दीपके ने कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताते हुए निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव की मांग करने वाले लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की थी।

एक्स अकाउंट डिलीज करने की जताई आशंका

इस बीच, अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट को प्रतिबंधित किए जाने के बाद सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीजेपी के आंदोलन का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया था। उनकी इस पोस्ट को तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने भी शेयर किया। इसके बाद एक्स पर वह पोस्ट उपलब्ध नहीं रही और वहां स्थानीय नियमों के कारण कंटेंट प्रतिबंधित होने का मैसेज दिखाई दे रहा है। दीपके ने इस कार्रवाई पर कहा कि अगर 10 अक्टूबर से पहले उनका एक्स अकाउंट भी डिलीट दिया जाए तो उन्हें हैरानी नहीं होगी।

ममता बनर्जी का मामले से क्या कनेक्शन

यह पूरा विवाद ममता बनर्जी के सीजेपी आंदोलन के समर्थन के बाद और तेज हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली से लौटने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी कॉकरोच जनता पार्टी, युवाओं और छात्रों के साथ पूरी तरह खड़ी है। सीजेपी का आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों के खिलाफ चलाया जा रहा है। दीपके इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन कर चुके हैं। अब मुंबई पुलिस की कार्रवाई और 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़दीपके धन्यवाद दे रहे थे, मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क प्रोटेस्ट पर दर्ज किया केस