Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़Mumbai Civic polls BJP criticises Congress for appeal to stop payment ladki bahin yojana
लाडकी बहिन पर बवाल; चुनाव बाद महिलाओं को पैसा जारी करने की मांग, कांग्रेस पर भड़की BJP

लाडकी बहिन पर बवाल; चुनाव बाद महिलाओं को पैसा जारी करने की मांग, कांग्रेस पर भड़की BJP

संक्षेप:

लाडकी बहिन राज्य की योजना है जिसमें महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह मिलते हैं, जबकि लखपति दीदी केंद्र सरकार की पहल है जिसका लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय सालाना कम से कम 1 लाख रुपये करना है।

Jan 12, 2026 02:11 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना को लेकर हंगामा खड़ा हो गया है। महायुति सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर निकाय चुनाव समाप्त होने तक लाडकी बहिन योजना के तहत मासिक भत्ते के वितरण पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। राज्य के राजस्व मंत्री ने कहा कि 2024 में शुरू की गई यह सरकारी योजना 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए लागू आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करती है।

ये भी पढ़ें:संयम बरतना चाहिए; अजित पवार द्वारा BJP की आलोचना करने पर सीएम फडणवीस नाराज

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सरकार को निर्देश देने का आग्रह किया कि वह मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना के तहत दिसंबर, 2025 और इस साल जनवरी महीने की किस्तें नगर निगम चुनाव समाप्त होने के बाद ही जारी करे, ताकि योजना की 1 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों पर कोई असर न पड़े। इस पर बावनकुले ने दावा किया कि कांग्रेस ने अतीत में भी इस योजना के खिलाफ इसी तरह के प्रयास किए थे, जब पार्टी नेता नाना पटोले के एक करीबी सहयोगी ने इस पहल के शुरू होने पर उच्च न्यायालय का रुख किया था, जबकि पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा था कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर वे इसे बंद करा देंगे।

कांग्रेस पर महिला-विरोधी होने का लगाया आरोप

चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, ‘कांग्रेस का असली चेहरा अब जनता के सामने आ गया है। लाडकी बहिन योजना सरकार की एक चालू योजना है और यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करती।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस का निर्वाचन आयोग को लिखा गया पत्र उसके महिला-विरोधी रवैये को दर्शाता है। बावनकुले ने नागपुर भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के साथ नागपुर नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सत्ता में आने पर विकसित नागपुर की योजनाओं का उल्लेख किया गया है। तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें नागपुर के विस्तार के लिए नहीं, बल्कि उसके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

लाडकी बहिन पर सीएम फडणवीस क्या बोले

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जो पार्षद लाडकी बहिन योजना की लाभार्थियों को लखपति दीदी बनाने में मदद करेंगे, उन्हें नासिक महानगरपालिका में अच्छे पदों से पुरस्कृत किया जाएगा। लाडकी बहिन राज्य की योजना है जिसमें महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह मिलते हैं, जबकि लखपति दीदी केंद्र सरकार की पहल है जिसका लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय सालाना कम से कम 1 लाख रुपये करना है। नासिक में 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनावों के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'लखपति दीदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई एक योजना है और जो लोग लाडकी बहिन लाभार्थियों को लखपति दीदी में बदलेंगे, उन्हें एनएमसी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।'

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।