लाइट्स मत जलाना… पुलिस को बंगले के दरवाजे पर दिखा रहस्यमई नोट, अंदर क्या था?
- मुंबई पुलिस एक शख्स को ढूंढते हुए बंगले तक पहुंची थी। दरवाजे पर एक नोट लगा हुआ था जिसमें लाइट्स न जलाने की बात लिखी थी। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।

मुंबई पुलिस कमिश्नर को बीते मंगलवार बेंगलुरु की एक महिला ने एक ईमेल भेजा जिसमें उसने पुलिस से अपने भाई को ढूंढने की गुहार लगाई थी। जानकारी के मुताबिक मुंबई में रहने वाले इस शख्स ने आखिरी बार शनिवार को अपने परिवार से बातचीत की। इसके बाद परिवारवालों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। ईमेल मिलने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू कर दी। पुलिस को शख्स के मोबाइल की लोकेशन वसई के कामन में मिली, जिसके बाद नैगांव पुलिस इस बंगले तक पहुंची।
पुलिस बुधवार को जब मौके पर पहुंची तो उन्हें यहां एक पुराना बंगला मिला। बंगले के दरवाजे पर एक नोट चिपका हुआ था, जिसमें चेतावनी लिखी थी, "अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड है; लाइट न जलाएं।" वहीं कमरे के अंदर से भयानक बदबू भी आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर पुलिस को अंदर एक 27 वर्षीय व्यक्ति की लाश मिली।
पुलिस के मुताबिक उसकी मौत कथित तौर पर जहरीली गैस सिलेंडर की वजह से हुई है। पुलिस का मानना है कि उसने आत्महत्या की है, क्योंकि उसने कार्बन मोनोऑक्साइड के सिलेंडर से जुड़ा एक इनहेलेशन मास्क पहने हुए था और पुलिस को उसके बिस्तर के पास से दीवार पर एक सुसाइड नोट भी मिला है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि शख्स करीब एक साल से वसई के बंगले में रह रहा था और फिलहाल एक बैंक में काम करता था। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। बता दें कि कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) एक रंगहीन और गंधहीन जहरीली गैस है जिसका उपयोग केमिकल और मेटल इंडस्ट्रीज में किया जाता है। जानकारी के मुताबिक शख्स ने घर की सभी खिड़कियों को सील कर दिया था ताकि गैस गलती से बाहर न निकल जाए।