गांव से लेकर शहर तक... महाराष्ट्र के जिला परिषद चुनावों में BJP की जीत पर गदगद PM मोदी, क्या लिखा?
महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने 12 जिला परिषदों की 731 सीट में से 552 सीट पर जीत हासिल की है। इन नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए ट्वीट किया है।

महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने 12 जिला परिषदों की 731 सीट में से 552 सीट पर जीत हासिल की है। इन नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि एक बार फिर महाराष्ट्र ने भाजपा और महायुति को अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने लिखा कि नगर निगम और नगरपालिका परिषद चुनावों में भाजपा और महायुति की जोरदार सफलता के बाद, महाराष्ट्र के लोगों ने जिला परिषद चुनावों में हमें एक मजबूत जनादेश दिया है। यह स्पष्ट है कि ग्रामीण और शहरी महाराष्ट्र में, राज्य के लोग सुशासन और एक ऐसा गठबंधन चाहते हैं जो राज्य की गौरवशाली संस्कृति की भावना में काम करे। मैं महाराष्ट्र के अपने बहनों और भाइयों का आभार व्यक्त करता हूं। महायुति के प्रत्येक कार्यकर्ता को मेरा हार्दिक अभिनंदन, जिन्होंने जमीन पर बिना थके काम किया और महाराष्ट्र सरकार के ठोस रिकॉर्ड के साथ-साथ सुशासन के लिए एनडीए के विजन को विस्तार से समझाया।
ऐसे हैं नतीजे
सत्ताधारी महायुति की कुल 552 सीटों में से भाजपा के हिस्से में 225 सीटें आई हैं। वहीं, एनसीपी ने 165 और शिवसेना ने 162 सीटों पर जीत हासिल की है। दूसरी तरफ विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को 43 और शरद पवार की राकांपा (एसपी) को 26 सीट पर जीत मिली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती।
बीस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों को 14 और पंजीकृत दलों को सात सीट पर जीत मिली। राकांपा ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीट पर जीत दर्ज की। राकांपा और राकांपा (एसपी) ने 'घड़ी' चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। ये चुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के कुछ ही दिन बाद हुए थे। शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की।
भाजपा ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं। इसके अलावा भाजपा सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणि, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही। बारह जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों की मतगणना पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई थी। हालांकि, राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत समिति चुनावों के नतीजे अभी घोषित नहीं किए हैं।
क्या बोले सीएम फडणवीस
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सभी 12 जिलों में महायुति विजयी हुई है। इसमें भाजपा सात जिला परिषदों- छत्रपति संभाजीनगर, सिंधुदुर्ग, सोलापुर, सांगली, धाराशिव, परभणी और सतारा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ और रत्नागिरी जिला परिषदों में शिवसेना आगे चल रही है, जबकि एक अन्य सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पुणे में जीत हासिल की है। कोल्हापुर और लातूर में भी साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बाद महायुति सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभरा है।
फडणवीस ने कहा कि परिणाम दर्शाते हैं कि विपक्ष केवल मीडिया में मौजूद है और जनता की नब्ज पहचानने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि वे (गलत तरीके से) मानते हैं कि उनकी राजनीतिक आकांक्षाएं ही लोगों की आकांक्षाएं हैं, और यही कारण है कि वे हार जाते हैं। विपक्ष लड़ने की इच्छाशक्ति खो चुका है। जब वे प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हैं, तो वे हार जाते हैं क्योंकि लोग ऐसी आलोचना पसंद नहीं करते।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


