
फिल्म दृश्यम स्टाइल में पत्नी का मर्डर; पति ने बॉक्स में रखी लाश और लगाई आग, नदी में फेंक आया राख
संक्षेप: रिपोर्ट के मुताबिक, सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने पहले से तैयार बड़े लोहे के बॉक्स में शव रखा, उसमें पहले से जमा लकड़ियों से आग लगाई और बाद में राख को पास की नदी की तलहटी में फेंक दिया। उसने बॉक्स को खुरचकर भी साफ कर दिया।
महाराष्ट्र के पुणे में बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म दृश्यम से प्रेरित सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में 42 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर सभी सबूत मिटाने की कोशिश की। उसकी पहचान समीर पुंजाबराव जाधव के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में कबूल किया कि उसने हत्या की साजिश रचते समय फिल्म से प्रेरणा ली थी। समीर स्वामी संकुल अपार्टमेंट में रहता था और ऑटोमोबाइल गैरेज चलाता था। वह ऑटोमोबाइल में डिप्लोमा धारक है। उसकी पत्नी अंजली समीर जाधव निजी स्कूल में टीचर थी।

पुलिस जांच में पता चला कि समीर का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था। वह पत्नी को बदनाम करने के लिए अपने दोस्त के फोन से उसे मैसेज भेजकर झगड़े पैदा करता था। पुलिस के अनुसार, समीर ने 26 अक्टूबर को अपनी साजिश को अंजाम दिया। दंपति खेड़ शिवापुर के पास मरियाई घाट घूमने गए थे। लौटते समय समीर अंजली को शिंदेवाड़ी के गोगलवाड़ी फाटा में किराए पर लिए गोदाम ले गया। वहां खाना खाते समय उसने अंजली का गला घोंटकर हत्या कर दी।
लोहे के बॉक्स में रखा शव और फिर...
रिपोर्ट के मुताबिक, सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने पहले से तैयार बड़े लोहे के बॉक्स में शव रखा, उसमें पहले से जमा लकड़ियों से आग लगाई और बाद में राख को पास की नदी में फेंक दिया। उसने बॉक्स को खुरचकर भी साफ कर दिया। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस संभाजी कदम ने बताया, 'आरोपी ने बड़ी साजिश रची थी। उसने गोदाम 18,000 रुपये मासिक किराए पर लिया था, वहां लोहे का बॉक्स बनवाया और लकड़ियां भी स्टोर की थीं।' फिल्म दृश्यम की तरह समीर ने भी हत्या के दो दिन बाद वरजे-मालवाड़ी पुलिस स्टेशन में पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। वह कई बार स्टेशन जाकर चिंतित पति का नाटक करता रहा और केस की प्रोग्रेस पूछता रहा। मगर, धीरे-धीरे पूरा मामला पकड़ में आ गया।





