मराठी नहीं आती तो खतरे में वाहन चालकों की रोजी-रोटी, महाराष्ट्र में लागू हो गए नए नियम

हिन्दुस्तान टीम
share

महाराष्ट्र में मटर वाहन नियमों में किया गया संशोधन प्रभावी हो गया है। इसके मुताबिक वाहन चलाने वाले लोगों को मराठी आनी जरूरी है। अब तक 1200 से ज्यादा वाहन चालकों को नोटिस भेजा जा चुका है। 

Maharashtra news
महाराष्ट्र में ड्राइवरों पर सख्ती, मराठी ना आने वालों को मिल रहे नोटिस

महाराष्ट्र मोटर वाहन नियमों में संशोधन को प्रभावी किया गया। इसके बाद ऑटो, टैक्सी और ऐप-आधारित कैब समेत व्यावसायिक यात्री वाहन चालकों के लिए मराठी का ज्ञान अनिवार्य हो गया। जानकारी के मुताबिक कम से कम 1200 वाहन चालको को नोटिस भी जारी किए गए हैं। ऐसे में मराठी ना सीखने वाले वाहन चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।

तय डेडलाइन समाप्त होने के बाद परिवहन विभाग और आरटीओ ने जांच अभियान शुरू कर दिया है, जिससे परीक्षा या परीक्षण में असफल रहने वालों पर लाइसेंस सस्पेंशन का संकट आ गया है। राज्यभर में आरटीओ की टीमें चालकों से मराठी भाषा से जुड़े 16 सवाल पूछ रही हैं। संतोषजनक जवाब नहीं देने वाले चालकों को एक महीने का नोटिस दिया जा रहा है।

अगर, एक महीने बाद दोबारा जांच में भी चालक संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर पाता है तो उसका बैज तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है। इसके बाद उसे फिर से मराठी सीखने के लिए एक महीने का समय दिया जाएगा। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि गुरुवार को राज्यव्यापी जांच के पहले दिन मराठी भाषा का ज्ञान न होने पर 1,268 ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को नोटिस जारी किए गए।

आजीविका का संकट

उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों से आकर मुंबई व अन्य शहरों में गाड़ी चलाने वाले कई कम पढ़े-लिखे चालकों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। दैनिक संवाद में हिंदी या स्थानीय बोलियों का उपयोग करने वाले ड्राइवरों के लिए अचानक मराठी के व्यावहारिक परीक्षण या मौखिक परीक्षा में पास होना मानसिक तनाव का कारण बन रहा है।

राज्य सरकार के पास है कानूनी अधिकार

केंद्रीय मोटर वाहन अधिनियम के तहत राज्यों को स्थानीय परिस्थितियों और यात्रियों की सुविधा के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट शर्तों में स्थानीय भाषा के व्यावहारिक ज्ञान को शामिल करने का अधिकार होता है। वाक्यों को मराठी में प्रयोग करने की क्षमता जांची जा रही।

नियमों में किया संशोधन

यह कदम राज्य सरकार के उस फैसले के बाद उठाया गया है, जिसमें महाराष्ट्र में टैक्सी और ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों के लिए मराठी का कामकाजी ज्ञान होना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य सरकार ने हाल ही में इस नियम को लागू करने के लिए ‘महाराष्ट्र मोटर वाहन नियम, 1989’में संशोधन किया है।

अन्य राज्यों में नहीं हैं ये नियम

महाराष्ट्र की तरह अन्य राज्यों में स्थानीय भाषा की अनिवार्यता को लेकर कोई बाध्यता नहीं है। कर्नाटक में कन्नड़ का ज्ञान अनिवार्य करने की मांग उठी है। हालांकि, महाराष्ट्र जैसी नई राज्यव्यापी अनिवार्य व्यवस्था लागू नहीं हुई है। वहीं, पश्चिम बंगाल में मोटर वाहन नियमों में कुछ टूरिस्ट वाहन चालकों के लिए हिंदी और अंग्रेजी का ज्ञान निर्धारित है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़मराठी नहीं आती तो खतरे में वाहन चालकों की रोजी-रोटी, लागू हो गए नए नियम