
PF के पैसों के चक्कर में ली दोस्त की जान, ऑनलाइन गेमिंग की लत में खूनी बना युवक; 6 महीने बाद खुलासा
मुंबई के कुर्ला इलाके में रहने वाले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी, दोनों के बीच में पीएफ के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चक्कर में आरोपी ने पीड़ित को नदी मे डुबाकर मार डाला।
मुंबई के कुर्ला वेस्ट इलाके में हुए एक मर्डर के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के एक दोस्त ने ही 30 हजार रुपए के चक्कर में उसका मर्डर कर दिया। आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग की आदत है, इसके चक्कर में ही उसने पैसे वापस न करने के लिए नदी में डुबोकर पीड़ित की हत्या कर दी। हालांकि 6 महीने के बाद भी पुलिस अभी तक शव ढूंढ़ने में नाकाम रही है।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम जुलाई में हुआ था। मृतक 26 साल का राहुल और आरोपी 20 वर्षीय अंकित कुर्ला वेस्ट इलाके में ही रहते थे। राहुल एक निजी कंपनी में काम करता था, चूंकि वह गैजेट्स और तकनीक के मामले में कमजोर था इसलिए उसने अंकित से अपने पीएफ के पैसे निकालने में मदद ली। इसी दौरान अंकित ने धोखाधड़ी करके राहुल के पीएफ खाते में से 30 हजार रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। बाद में उसने पूरे पैसे ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में खर्च भी कर दिए।
जब राहुल को खाते से रुपए निकाले जाने की जानकारी हुई, तो उसने अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन अंकित पैसे देने में आनाकानी करने लगा। इस पर दोनों के बीच काफी बहस भी हुई। एक दिन अंकित और राहुल मीठी नदी के किनारे पर थे, उसी दौरान अंकित ने उसे धक्का दे दिया।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस ने बताया कि 24 जुलाई को राहुल जब अपने घर वापस नहीं लौटा, तो उसके परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शुरुआती जांच में ज्यादा कुछ जानकारी सामने नहीं आई। लेकिन पिछले हफ्ते मृतक के माता पिता ने अंकित के ऊपर अपना संदेह जताया। इस पर पुलिस ने अंकित से सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में हमारे पास आरोपी की गुनाह कबूलने के अलावा मजबूत तकनीकी सबूत भी हैं। इसमें लेनदेन का रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और इसके अलावा उस दिन दोनों की लोकेशन का एक ही जगह पर होना भी सबूत है। फिलहाल संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



