
BMC चुनाव से पहले विपक्ष में दरार? संजय राउत ने कांग्रेस पर कसा हाई कमान वाला तंज
महाराष्ट्र बीएमसी चुनाव के पहले विपक्ष में असहमति का दौर जारी है। MNS के साथ आने को लेकर कांग्रेस की असहजता से शिवसेना उद्धव गुट ने किनारा कर लिया है। राउत ने कहा कि अगर दोनों पार्टियां साथ आने का तय करती हैं, तो कांग्रेस क्या सोचती है, इससे फर्क नहीं पड़ता।
महाराष्ट्र में आगामी BMC चुनाव के पहले विपक्षी दलों में दरार देखने को मिल रही है। राज ठाकरे की एमएनएस के साथ होने न होने को लेकर चल रही ऊहापोह पर संजय राउत ने अपनी राय दी है। शिवसेना उद्धव गुट के नेता ने एमएनएस के गठबंधन में शामिल होने को लेकर संकेत दिया कि अगर दोनों पार्टियां साथ आने के बारे में सोचती हैं, तो उस पर कांग्रेस की राय मायने नहीं रखती है।

सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई को हाई कमान से मिलने वाले आदेश की प्रक्रिया पर तंज कसते हुए राउत ने कहा कांग्रेस को जो फैसला करना हो, वह उनका व्यक्तिगत निर्णय होगा। शिवसेना और एमएनएस ऐसे में किसी की अनुमति का इंतजार नहीं करते हैं। राउत ने लिखा, "शिवसेना और एमएनएस पहले भी साथ आ चुके हैं, यह जनता की इच्छा है। इसके लिए किसी के आदेश या अनुमति की जरूरत नहीं। शरद पवार और वाम पार्टियां भी साथ हैं।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे को साथ लाने की कवायद और कांग्रेस के अलग रुख के बीच शरद पवार की एनसीपी ने भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट रहने का संकेत दिया है। मुंबई में पार्टी की बैठक में पवार ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने यह इच्छा जताई की भाजपा के खिलाफ सभी को एक मजबूत संयुक्त मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ना चाहिए।
आपको बता दें बीएमसी चुनाव के लिए शरद पवार की एनसीपी और उद्धव की शिवसेना दोनों ही गठबंधन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। ऐसा माना जा रहा है दोनों पार्टियां एमएनएस के आने पर उसे स्वीकार करने के लिए भी तैयार हैं।
कांग्रेस के लिए कहां फंसा है पेच
शिवसेना उद्धव गुट और शरद पवार की एनसीपी के साथ मिलकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ चुकी कांग्रेस के लिए एमएनएस के साथ जाना आसान नहीं है। क्योंकि कांग्रेस पारंपरिक रूप से एमएनएस के खिलाफ रही है और उसे विचारधारा के बिल्कुल विपरीत मानती है। लेकिन उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे बीएमसी में अपनी पैठ को मजबूत करने के लिए पिछले काफी समय से एक-दूसरे के करीब आते दिख रहे हैं। ऐसे में गठबंधन कांग्रेस को मनाने की कोशिश कर रहा है।





