पत्रकार गौरी लंकेश हत्याकांड का आरोपी भी निगम चुनाव में विजयी, जालना में जीती बाजी
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में जालना नगर निगम से गौरी लंकेश हत्याकांड के आरोपी श्रीकांत पंगारकर ने जीत दर्ज की है। श्रीकांत ने भाजपा और अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों को हराकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में यह जीत हासिल की है।

पत्रकार गौरी लंकेश हत्याकांड में आरोपी श्रीकांत पंगारकर ने जालना नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की है। नगर निगम के वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे पंगारकर का परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। इससे चुनावी राजनीति में आरोपियों की मौजूदगी को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है। गौरतलब है कि पंगारकर ने इस सीट से भाजपा और अन्य दलों के उम्मीदवारों को 2621 वोटों के अंतर से मात दी।
वर्ष 2017 में हुई पत्रकार गौरी लंकेश हत्याकांड के मामले में पंगारकर के ऊपर अभी भी आरोप हैं। इस मामले की सुनवाई अभी चल रही है। निगम चुनाव में विजयी होने के बाद पंगारकर ने कहा कि उनके खिलाफ अभी तक कोई दोष सिद्धी नहीं हुई है, कानूनी प्रक्रिया अभी तक चल रही है।
आपको बता दें, पंगारकर 2001 से लेकर 2006 तक शिवसेना का हिस्सा रहे और जालना में ही पार्षद के रूप में काम किया। हालांकि 2011 के चुनाव में पार्टी की तरफ से उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
गौरी लंकेश मामले में गिरफ्तार होने के बाद पंगारकर के राजनीतिक जीवन पर लगभग विराम लग गया। हालांकि, 2024 में रिहा होने के बाद उन्होंने एक बार फिर से राजनीति में करियर शुरू करने की कोशिश की। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले पंगारकर शिंदे गुट में शामिल होने वाले थे, लेकिन व्यापक विरोध के बाद उनको शामिल नहीं किया गया।
गौरी लंकेश हत्याकांड
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में पत्रकार गौरी लंकेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 2017 में हुई इस घटना ने देश भर में अभिव्यक्ति की आजादी पर बहस छेड़ दी थी। इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने जबरदस्त छापेमारी की और पंगारकर को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, 4 सितंबर 2024 को उन्हें कर्नाटक हाई कोर्ट ने जमानत दे दी।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



