उद्धव ठाकरे के फेयरवेल में एकनाथ शिंदे ने कसा तंज, सीएम देवेंद्र फडणवीस क्या बोले

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के रूप में उद्धव ठाकरे का कार्यकाल अब समाप्त होने वाला है। इस मौके पर मंगलवार को विधान परिषद में उनके सम्मान में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे की सराहना करते हुए एक भावुक विदाई भाषण दिया।

Uddhav Thackeray farewell

महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के रूप में उद्धव ठाकरे का कार्यकाल अब समाप्त होने वाला है। इस मौके पर मंगलवार को विधान परिषद में उनके सम्मान में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे की सराहना करते हुए एक भावुक विदाई भाषण दिया। फडणवीस ने उन्हें प्रदेश के सबसे लोकप्रिय फोटोग्राफरों में से एक बताया और कहा कि ठाकरे ने वारी तीर्थयात्रा की तस्वीरें खींचते समय हेलीकॉप्टर का दरवाजा बीच हवा में खोलकर फोटो ली थी। फडणवीस ने कहा कि वारी की तस्वीरें खींचते समय उद्धव ठाकरे हेलीकॉप्टर में गए, दरवाजा खोला और तस्वीर खींची। उन्होंने आगे कहा कि ठाकरे की तस्वीरों में संवेदनशीलता झलकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकरे का मूल स्वभाव किसी राजनेता जैसा नहीं था। उन्होंने इसे शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे के दृढ़ निश्चय से जोड़ते हुए कहा कि एक बार फैसला लेने के बाद उसे पूरा करके ही छोड़ते थे। उद्धव ठाकरे ने फडणवीस के बयानों का खंडन नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी सही कहते हैं कि मैं राजनीतिज्ञ नहीं हूं, क्योंकि दिल से मैं एक कलाकार हूं। उन्होंने समय निकालने के लिए फडणवीस का आभार जताते हुए हाथ जोड़े।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे फडणवीस के साथ ही बैठे थे। ठाकरे के पूर्व करीबी रहे शिंदे ने 2022 में दल-बदल कर महा विकास अघाड़ी (MVA) सरकार गिरा दी थी, जिससे उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री पद के साथ-साथ शिवसेना की विरासत से भी वंचित हो गए थे। शिंदे ने कहा कि उद्धव ठाकरे साहब आज इस सदन से विदा हो रहे हैं। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

उपमुख्यमंत्री को जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने शिंदे का नाम तो नहीं लिया, लेकिन शिंदे जिस बेंच पर बैठे थे, उस ओर देखते हुए उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आप मुझे इतनी अच्छी तरह जानते हैं, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि ऐसी कौन सी बात थी कि और का हाथ पकड़ना पड़ा। ठाकरे के इस बयान को 2022 के महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के संदर्भ में देखा, जब शिंदे के भाजपा के साथ गठबंधन करने के बाद ठाकरे की सरकार गिर गई थी।

औपचारिक कार्यवाही के बाद शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य ठाकरे और पार्टी के अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। लगभग 10 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि ठाकरे ने विधायकों को विकास कार्यों के लिए फंड न मिलने का मुद्दा उठाया। अन्य विधायकों ने भी सीधे फडणवीस को अपनी शिकायतें बताईं और अपने क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं में आ रही बाधाओं का विस्तार से ब्योरा दिया।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें