
संयम बरतना चाहिए; अजित पवार द्वारा BJP की आलोचना करने पर सीएम फडणवीस नाराज
महाराष्ट्र में निकाय चुनावों के दौरान अजित पवार द्वारा भाजपा की आलोचना करने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महायुति के सहयोगी दल के रूप में उन्हें संयम बरतना चाहिए।
पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र की राजनीति काफी उलझ गई है। कौन किसके साथ है, इसे लेकर लगातार उठा पटक चलती रहती है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ लड़ने वाले भाजपा और एनसीपी अजित गुट निकाय चुनावों में अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में डिप्टी सीएम की कुर्सी पर बैठे अजित पवार ने चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा पर भी हमला बोला था। अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अजित पवार को संयम बरतना चाहिए था।
विधानसभा में सत्ता पक्ष में बैठे अपने साथी के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह मुंबई जाने पर इसके बारे में बात करेंगे। उन्होंने कहा, "मेरे पास बहुत धैर्य है और वह नहीं टूटेगा। हमने सहयोगी दलों के रूप में तय किया था कि हम एक-दूसरे के खिलाफ नहीं बोलेंगे। लेकिन अजित दादा ने संयम नहीं बरता। पुणे में इस तरह की आलोचनात्मक बयानबाजी करना उन्हें शोभा नहीं देता। मैंने न तो सहयोगियों केखिलाफ और न ही किसी और के खिलाफ कुछ कहा है। जब मैं मुंबई जाऊंगा, तब इस पर जवाब दूंगा।"
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री फडणवीस अजित पवार की पुणे में दिए गए बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। अजित पवार ने पिंपरी चिंचवाड नगर निगम चुनावों से पहले स्थानीय शासन को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला था।
आपको बता दें, महायुति में घटक दल होने के बाद भी अजित पवार ने नगर निगम की कुछ सीटों पर अपने चाचा शरद पवार की पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
आपको बता दें, अजित पवार ने हाल ही में अपने चाचा शरद पवार के साथ दोबारा जाने के संकेत भी दिए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी और परिवार में सब कुछ ठीक है। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता भी एक साथ आना चाहते हैं। उनके इस बयान के बाद उन्होंने सुप्रिया सुले के साथ भी मंच साझा किया, जिससे एनसीपी के फिर से एक होने की चर्चा और तेज हो गई।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



