'पर्दाफाश हो चुका है, ये लोग फेक नैरेटिव फैला रहे'; मुंबई में कॉकरोचों के प्रदर्शन पर फडणवीस
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोचों के विरोध प्रदर्शन को फडणवीस ने फेक नैरेटिव फैलाने का प्रयास बयाया। शुक्रवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'सबसे पहले मैं यह बताना चाहता हूं कि सारा पर्दाफाश हो चुका है। तीनों चुनाव आयुक्तों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद इन लोगों का फेक नैरेटिव सामने आ चुका है। इसके बावजूद फेक नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश चल रही है। इसमें कामयाबी नहीं मिलेगी।'
शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से प्रदर्शन की इजाजत नहीं दिए जाने के बावजूद सीजेपी ने प्रदर्शन का आह्वान किया है। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने शाम 4 बजे प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मध्य मुंबई में दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क मैदान के आसपास सुरक्षा कड़ी की है। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अन्य एजेंसियों के सुरक्षा कर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड भी लगाए गए हैं।
इस बीच, इलाके के निवासियों ने अपने पड़ोस में प्रदर्शन आयोजित किए जाने का कड़ा विरोध किया है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'प्रस्तावित प्रदर्शन हमारे इलाके की शांति और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है। वे इसे जबरन आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं। आवासीय क्षेत्र में इस तरह के प्रदर्शनों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।' पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नजदीकी दादर इलाके में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। सीजेपी संयोजक अभिजीत दीपके ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दक्षिण मुंबई में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आगाह किया कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जाएगा। दीपके ने कहा कि सीजेपी 6 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी और यह एक स्वतंत्र आंदोलन रहेगा। दीपके ने मुंबई प्रेस क्लब में कहा कि ज्ञानेश कुमार देशद्रोही हैं। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और उनके खिलाफ आपराधिक मामला चलना चाहिए।
तीन महीने तक जेल में रहने के लिए तैयार: अभिजीत दीपके
मुंबई पुलिस की ओर से इजाजत नहीं दिए जाने के बारे में अभिजीत दीपके से पूछा गया। इस पर उन्होंने सवाल किया कि अगर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शिवाजी पार्क में राजनीतिक रैली कर सकते हैं, तो सीजेपी वहां प्रदर्शन क्यों नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है और वह तीन महीने तक जेल में रहने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह बात फडणवीस की उस चेतावनी के संदर्भ में कही, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया, तो जमानत मिलने में तीन दिन लगेंगे।

