
बाप बना हैवान: झगड़े के बीच में मायके गई पत्नी, गुस्साए पति ने मासूम बच्चियों का गला रेता
अधिकारियों ने बताया प्रारंभिक जांच के आधार पर पता चलता है कि दोनों ही बच्चियों के शव आंशिक रूप से जले हुए हैं। इससे यह संदेह पैदा होता है कि चव्हाण ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शवों को जलाने का प्रयास किया होगा।
महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा में एक पिता ही अपनी मासूम बच्चियों के लिए हैवान बन गया। झगड़े के बीच में पत्नी का बच्चियों को छोड़कर मायके जाना आरोपी को इतना नागवार गुजरा कि उसने बीच जंगल में ले जाकर अपनी दो जुड़वा मासूम बच्चियों का गला रेत दिया। इसके बाद उसने सीधे पुलिस स्टेशन जाकर बेटियों की हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी व्यक्ति की पहचान वाशिम जिले के निवासी राहुल चव्हाण के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चव्हाण अपनी दो बेटियों और पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उसकी अपनी पत्नी से तीखी बहस हो गई। झगड़े के बाद बीच में ही उसकी पत्नी मायके के लिए निकल गई। इसके बाद राहुल अपनी बेटियों के साथ ही आगे निकल गया।
पत्नी के जाने से गुस्साया राहुल अपनी बेटियों को लेकर बुलढाणा जिले के अचारवाड़ी के एक जंगली इलाके में ले गया। यहां पर उसने गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। बच्चियों की हत्या करने के बाद चव्हाण सीधे वाशिम पुलिस स्टेशन गया, जहां पर उसने हत्याओं की बात कबूल कर ली। राहुल के कबूल नामे के बाद पुलिस उसके द्वारा बताई गई जगह पर गई। वहां पर टीम ने दो बच्चियों के शव बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया प्रारंभिक जांच के आधार पर पता चलता है कि दोनों ही बच्चियों के शव आंशिक रूप से जले हुए हैं। इससे यह संदेह पैदा होता है कि चव्हाण ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शवों को जलाने का प्रयास किया होगा। हालांकि,पुलिस अधिकारियों ने अभी तक जांच के इस पहलू की पुष्टि नहीं की है। मौत के सही कारण और लड़कियों के शवों को मरने के बाद जलाया गया है या नहीं, इस पर फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) मनीषा कदम सहित वरिष्ठ अधिकारी और अन्य लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दस्तावेज एकत्र किए और इलाके से फॉरेंसिक नमूने एकत्र करना शुरू कर दिया।





