महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए BJP उम्मीदवारों की सूची जारी, जानें किसे मिला मौका
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख एक जून है। नामांकन पत्रों की जांच 2 जून को होगी, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि चार जून है और मतदान 18 जून को होगा। मतों की गिनती 22 जून को होगी।

बीजेपी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति निकालकर बताया कि द्विवार्षिक चुनाव और एक उप-चुनाव के लिए उम्मीदवारों को मंजूरी दे दी गई है।
बीजेपी ने 10 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए उम्मीदवार चुने हैं। इनमें वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरोली से अरुण लखानी, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, अमरावती से प्रवीण पोटे पाटिल, सांगली-सतारा से धैर्यशील कदम, सोलापुर से राजेंद्र राऊत, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट, नांदेड़ से अमर राजूरकर, धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटिल और जलगांव से नंदकिशोर महाजन शामिल हैं।
भाजपा की ओर से कहा गया कि स्थानीय स्तर पर अच्छे काम करने वाले और मजबूत नेताओं को टिकट दिया गया है। उपचुनाव के लिए नागपुर सीट पर डॉ. राजीव पोतदार को भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है। यह पूरी सूची भाजपा के केंद्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी की है। इस घोषणा से भाजपा ने महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के लिए कमर कस ली है।
MVA भी विधान परिषद चुनाव के लिए तैयार
वहीं, महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी ने शुक्रवार को कहा कि उसने 18 जून को होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप दे दिया है, जिसके तहत कांग्रेस 17 में से सबसे अधिक आठ सीट पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख हर्षवर्द्धन सपकाल ने कहा कि एमवीए में सभी 17 सीट पर आम सहमति बन गई है। एमवीए में कांग्रेस के अलावा शिवसेना (UBT) और राकांपा (SP) भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चंद्रपुर, यवतमाल, भंडारा, अमरावती, अहिल्यानगर, सोलापुर, धाराशिव और नागपुर (जहां उपचुनाव हो रहा है) से चुनाव लड़ेगी।
हर्षवर्द्धन सपकाल ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) 6 सीट रायगढ़, जलगांव, परभणी-हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़ और नासिक पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा पुणे, ठाणे और सांगली-सतारा में चुनाव लड़ेगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि एक जून है। नामांकन पत्रों की जांच 2 जून को होगी, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि चार जून है और मतदान 18 जून को होगा। मतों की गिनती 22 जून को होगी।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

