
BJP ने जालना में 4 मुस्लिम कैंडिडेट को दी टिकट, शिवसेना ने भी 7 उम्मीदवार को मैदान में उतारा
महायुति के अन्य सहयोगी दलों में, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने सात मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने मुस्लिम समुदाय से 17 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
महाराष्ट्र के जालना शहर में 15 जनवरी को होने वाले निकाय चुनाव से पहले, महायुति गठबंधन में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मुस्लिम मतदाताओं को अपने हक में करने के लिए इस समुदाय से उम्मीदवार उतार रहे हैं। अपनी पिछली परंपरा से हटकर, भाजपा ने शहर में चार मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। राजनीतिक विश्लेषक इस बदलाव का कारण हाल में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक कैलाश गोरंट्याल के प्रभाव को मानते हैं और इस कदम से मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि, शुरुआत में महायुति गठबंधन के सभी दलों के एक साथ चुनाव लड़ने की उम्मीद थी, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेदों के कारण अंतिम समय में गठबंधन टूट गया। जालना शहर महानगरपालिका में 65 निर्वाचन क्षेत्र हैं। जालना में मुस्लिम मतदाता लगभग 20 से 25 प्रतिशत हैं और वार्ड दो, चार, 10 और 11 में उनका निर्णायक प्रभाव है।
महायुति के अन्य सहयोगी दलों में, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने सात मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने मुस्लिम समुदाय से 17 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
दूसरी ओर, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राकांपा (शरदचंद्र पवार) वाला विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (एमवीए) मिलकर चुनाव लड़ रहा है। कांग्रेस ने 51 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जिनमें 19 मुस्लिम उम्मीदवार हैं। शिवसेना (उबाठा) ने 13 सीट पर चुनाव लड़ने के बावजूद मुस्लिम समुदाय के किसी भी नेता को टिकट नहीं दिया है। राकांपा (शप) ने दो मुस्लिम उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
इस बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने जालना के मुस्लिम बहुल इलाकों की 17 सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसकी जिला इकाई के अध्यक्ष शेख मजीद ने कहा कि लोग एक विकल्प की तलाश में हैं और एआईएमआईएम उनकी आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है। राज्य में जालना शहर महानगरपालिका सहित 29 निकायों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन होगी।

लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें



