नवनीत राणा ने भाजपा के खिलाफ किया प्रचार? सीएम फडणवीस को पत्र लिखकर शिकायत

Jan 18, 2026 02:49 pm ISTNiteesh Kumar भाषा
share

पत्र में कहा गया, ‘हम पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। समाज से जुड़े हैं लेकिन इस चुनाव में हमारी हार विपक्ष के कारण नहीं, बल्कि वरिष्ठ भाजपा नेता नवनीत राणा की ओर से पार्टी के खिलाफ खुले तौर पर प्रचार किए जाने के कारण हुई है।’

नवनीत राणा ने भाजपा के खिलाफ किया प्रचार? सीएम फडणवीस को पत्र लिखकर शिकायत

हाल में हुए अमरावती नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 22 उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने पूर्व सांसद नवनीत राणा को पार्टी के खिलाफ प्रचार करने के आरोप में निष्कासित करने की मांग की है। इन 22 शिकायतकर्ताओं में से दो उम्मीदवार 15 जनवरी को हुए निकाय चुनावों में जीत गए जबकि 20 को हार का सामना करना पड़ा। इन नेताओं ने आरोप लगाया कि अमरावती से पूर्व लोकसभा सदस्य नवनीत राणा ने भाजपा के उम्मीदवारों को डमी करार दिया और अपने पति रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवारों को भाजपा के असली उम्मीदवार बताया।

नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा और विधायक रवि राणा की युवा स्वाभिमान पार्टी ने गठबंधन तोड़ दिया था। भाजपा के एक स्थानीय नेता ने कहा था कि नवनीत राणा भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार जारी रखेंगी। भाजपा ने 87 सदस्यीय अमरावती नगर निगम में 25 सीट जीतीं, युवा स्वाभिमान पार्टी और कांग्रेस को 15-15, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन को 12, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 11, शिवसेना और बहुजन समाज पार्टी को तीन-तीन, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को दो और वंचित बहुजन आघाडी को एक सीट पर जीत मिली। पिछले चुनाव में भाजपा ने 45 सीट जीती थीं और युवा स्वाभिमान पार्टी को तीन सीट पर जीत हासिल हुई थी।

पत्र लिखकर क्या की गई है मांग

हार सामना करने वाले 20 उम्मीदवारों और जीतने वाले दो प्रत्याशियों ने शनिवार को फडणवीस को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि उनकी हार जनता के कारण नहीं, बल्कि नवनीत राणा की वजह से हुई। उन्होंने कहा, ‘हम पार्टी के समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं। समाज से जुड़े हैं लेकिन इस चुनाव में हमारी हार विपक्ष के कारण नहीं, बल्कि वरिष्ठ भाजपा नेता नवनीत राणा की ओर से पार्टी के खिलाफ खुले तौर पर प्रचार किए जाने के कारण हुई है।’ उन्होंने नवनीत राणा को भाजपा से निष्कासित करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि अगर उन्हें बाहर का रास्ता नहीं दिखाया गया तो वह भविष्य में अमरावती शहर में पार्टी का अस्तित्व मिटा देंगी। इस मामले पर पूर्व सांसद ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।