अजित पवार प्लेन क्रैश: रोहित ने CBI जांच की मांग कर रही महाराष्ट्र सरकार पर क्यों साधा निशाना

Feb 23, 2026 08:30 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

अजित पवार विमान दुर्घटना मामले में महाराष्ट्र सरकार द्वारा की गई सीबीआई जांच की मांग का रोहित पवार ने विरोध किया है। शरद गुट के विधायक ने कहा कि इससे केवल जांच में देरी होगी और कुछ भी सामने नहीं आएगा। रोहित ने कहा कि सीबीआई के पास पहले से ही बहुत मामले हैं।

अजित पवार प्लेन क्रैश: रोहित ने CBI जांच की मांग कर रही महाराष्ट्र सरकार पर क्यों साधा निशाना

Ajit Pawar plane crash: महाराष्ट्र के दिवंगत उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर अब राज्य में हलचल मची हुई है। लोगों के संशय को दूर करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से इस मामले में सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। देवेंद्र फडणवीस सरकार की इस मांग को लेकर अब शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जो मांग की है, उससे केवल और केवल देरी होगी और कुछ भी सामने नहीं आएगा।

विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में रोहित पवार ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग वाली एक रिपोर्ट पहले ही संबंधित केंद्रीय मंत्रालय, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और मुख्यमंत्री सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी के पास लगभग 7,000 लंबित मामले हैं, जिनमें से लगभग 2,500 मामले एक दशक से अधिक समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा, "हम महाराष्ट्र में जांच के नाम पर समय की इस बर्बादी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सीआईडी ​​जांच कर सकती है।"

रोहित पवार ने दावा किया कि दुर्घटना से संबंधित केवल 30 फीसदी जानकारी ही सार्वजनिक की गई है और अब तक 70 फीसदी जानकारी उनके पास है। राकांपा (शप) नेता ने उन खबरों पर भी सवाल उठाए जिनमें कहा गया था कि दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट 45 विमान का 'ब्लैक बॉक्स' जल गया। उन्होंने कहा कि 'ब्लैक बॉक्स' की तस्वीरें उन तक पहुंच चुकी हैं। उन्होंने आगाह करते हुए कहा, "अगर कोई अनियमितता सामने आती है, तो इस सरकार को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।" इसके साथ ही पवार ने इस मांग को भी दोहराया कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू को अपने पद पर नहीं रहना चाहिए।

महाराष्ट्र विधानसभा सत्र का जिक्र करते हुए रोहित ने कहा कि उनकी याद में अजित पवार के बिना यह विधानसभा का पहला सत्र है। दिवंगत चाचा आमतौर पर सबसे पहले सदन में आते ते और सबसे आखिर में जाते थे।

रोहित पवार के अलावा शरद गुट के दूसरे विधायक जितेंद्र आव्हाण ने कहा कि अजित पवार की मौत के मामले में देरी से संदेह पैदा हो गया है। उन्होंने कहा, "ब्लैक बॉक्स के जलने का दावा बड़ा संदेह पैदा करता है। ऐसा दुनिया में कहीं भी नहीं हुआ है। अगर जांच ही संदेह को हवा दे रही है, तो लोग किस पर विश्वास करेंगे?" उन्होंने आरोप लगाया कि विमान को भारत में उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी और 5,000 घंटे की सीमा के बावजूद उसने 8,000 घंटे उड़ान भरी थी।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में उस वक्त मृत्यु हो गई थी, जब उनका विमान बारामती में एक जनसभा में हिस्सा लेने के लिए जा रहा था। इस दुर्घटना में उनके साथ मौजूद सभी लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। सबसे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनकी मौत को लेकर सवाल उठाया था। हालांकि बाद में शरद पवार ने सामने आकर इसे एक दुर्घटना बताकर इस पर किसी भी तरह की राजनीति न करने का अनुरोध किया था।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak