
अजित पवार के विमान में क्रैश के बाद लगी आग, कई बार धमाके हुए; चश्मदीदों ने बताई आंखों देखी
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई। हालांकि सवार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इस हादसे में अजित पवार और अन्य चार लोगों की जान चली गई।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ एनसीपी नेता अजित पवार (66) का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। अधिकारियों और चश्मदीदों के अनुसार, उनका विमान लैंडिंग के वक्त हवा में अस्थिर दिखाई दिया और जमीन पर गिरते ही उसमें जोरदार धमाका हुआ। पुलिस अधिकारियों और फ्लाइट रडार के आंकड़ों के मुताबिक, अजित पवार के विमान ने मुंबई से सुबह 8:10 बजे उड़ान भरी थी। वे 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे।
विमान को बारामती हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन सुबह करीब 8:45 बजे रडार से उसका संपर्क टूट गया और 8:50 बजे यह हादसा हो गया। इस निजी विमान में अजित पवार समेत कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें पायलट और अन्य सहयोगी शामिल थे। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई। हालांकि सवार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इस हादसे में अजित पवार और अन्य चार लोगों की जान चली गई।
चश्मदीदों ने बताया खौफनाक मंजर
हादसा बारामती हवाई अड्डे के पास हुआ, जहां स्थानीय लोगों ने इस भयावह घटना को अपनी आंखों से देखा। एक महिला चश्मदीद का घर घटनास्थल के करीब है। उसने बताया कि उन्होंने सुबह विमान को हवाई अड्डे के चक्कर लगाते हुए देखा था। महिला ने एक समाचार चैनल को बताया- 'विमान ने हवा में एक चक्कर लगाया और वह थोड़ा अस्थिर लग रहा था। जैसे ही वह रनवे की ओर नीचे आया, वह जोर से जमीन से टकराया और उसमें विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि हमारे घर के अंदर तक सुनाई दी।' उन्होंने आगे बताया कि विस्फोट के बाद विमान के कई हिस्से हवा में उड़कर उनके घर के पास आ गिरे। महिला ने कहा- विमान नीचे आने से पहले एक तरफ झुक गया था। हमने वह विस्फोट देखा, वह बहुत ही डरावना दृश्य था।
अचानक 4-5 धमाके हुए
एक अन्य चश्मदीद ने भी पुष्टि की कि विमान नीचे आते समय नियंत्रण खोता हुआ प्रतीत हो रहा था। उस व्यक्ति ने पत्रकारों को बताया- जिस तरह से विमान नीचे आ रहा था, हमें लगा कि यह क्रैश होने वाला है। वह रनवे से करीब 100 फीट ऊपर था। जैसे ही हम मदद के लिए उसकी ओर दौड़े, हमने आग की लपटें देखीं। इसके बाद एक के बाद एक 4-5 धमाके हुए, जिसके कारण हम विमान के पास भी नहीं जा सके। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि यह एक भीषण आग थी। बाद में हमें पता चला कि विमान में अजित पवार साहब थे। यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है।
चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे पवार अजित पवार आगामी 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती आ रहे थे। इस आकस्मिक घटना ने पूरे राज्य और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और विमान के ब्लैक बॉक्स व मलबे की जांच के बाद ही दुर्घटना के सटीक तकनीकी कारणों का पता चल पाएगा।

लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ें



