लव जिहाद कर रहे आमिर खान, गौरी स्प्रैट संग शादी पर भड़का बजरंग दल; कहा- हिंदू बेटियों...
बजरंग दल के नेता मनोज सोनी ने इस मामले पर एक बयान भी जारी किया और कहा कि आमिर खान हिंदू बहन-बेटियों से शादी रचाकर लाइन लगा रहे हैं। सोनी ने आरोप लगाया कि आमिर एक बड़ी साजिश के तहत हिंदुओं को कमजोर कर रहे हैं।

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने हाल ही में मुंबई में गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की। इस दौरान, कई नामी-गिरामी चेहरे शादी समारोह में पहुंचे। गौरी से तीसरी शादी करने पर बजरंग दल ने जमकर विरोध किया और आमिर खान पर लव जिहाद करने जैसे आरोप लगाए। आमिर की पहली दो पत्नियों के नाम- रीना दत्ता और किरण राव हैं। बजरंग दल ने आरोप लगाते हुए सवाल किया कि आखिर आमिर हिंदू बेटियों से ही क्यों प्यार कर रहे हैं, मुस्लिमों से क्यों नहीं।
बजरंग दल के सदस्यों ने बिहार के फारबिसगंज में आमिर खान की गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी के खिलाफ सड़क पर उतरकर भारी विरोध किया। उन्होंने आमिर का पुतला जलाया और आमिर खान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके अलावा, आमिर खान जिहादी भारत छोड़ों जैसे नारे भी विरोध प्रदर्शन में लगाए गए।
बजरंग दल के नेता मनोज सोनी ने इस मामले पर एक बयान भी जारी किया और कहा कि आमिर खान हिंदू बहन-बेटियों से शादी रचाकर लाइन लगा रहे हैं। सोनी ने आरोप लगाया कि आमिर एक बड़ी साजिश के तहत हिंदुओं को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आमिर ने ऐसी हरकतें बंद नहीं कीं तो सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा, ''आखिर आमिर को मुस्लिम समाज की बहू बेटियों से प्यार क्यों नहीं हो रहा? हिंदू बेटी से ही क्यों प्यार कर रहे हैं। शादी को हिंदू महिला से करते हैं, लेकिन बच्चों के नाम तैमूर, सलमान, अफरोज रखा जाता है। यह कहां का नियम है?''
मुकेश अंबानी समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे
एक्टर आमिर खान रविवार को अपने घर पर आयोजित एक निजी समारोह में गौरी स्प्रैट के साथ विवाह बंधन में बंध गए। इस दौरान परिवार के करीबी सदस्य और फिल्म उद्योग से जुड़े उनके मित्र मौजूद रहे। मुंबई में भारी बारिश के बावजूद विवाह समारोह तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ। इस अवसर पर 'लगान' के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, हास्य कलाकार एवं अभिनेता वीर दास, क्रिकेटर इरफान पठान और उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित फिल्म उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े आमिर के करीबी मित्र उपस्थित रहे।
सामने आईं आमिर-गौरी की शादी की तस्वीरें
एक्टर की टीम द्वारा साझा की गई तस्वीरों के अनुसार, आमिर खान परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में गौरी स्प्रैट के साथ विवाह संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते नजर आए। एक तस्वीर में गौरी का बेटा इस जोड़े के बीच बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि आमिर का बेटा आजाद अभिनेता के पास बैठा नजर आ रहा है। आमिर खान का यह तीसरा विवाह है। इससे पहले उन्होंने फिल्म निर्माता रीना दत्ता से विवाह किया था और दोनों 1986 से 2002 तक साथ रहे थे। उनके दो बच्चे, जुनैद और इरा खान हैं।


