कई मौतों के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय, एक महिला ने खोल दी प्रशासन की पोल
जीतू पटवारी ने कहा, ‘गंदे पानी से 13 मौतों के बाद जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी विधानसभा के लोगों से मिलने पहुंचे, तब एक बहन ने उनकी पोल खोल दी। महिला ने बताया कि पिछले दो वर्षों से गंदा पानी आ रहा है।’

मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने विधानसभा क्षेत्र में गंदे पानी की वजह से हुई 9 मौतों के बाद गुरुवार को प्रभावित इलाके भागीरथपुरा क्षेत्र का हाल जानने पहुंचे। वे बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और इस दौरान उनके साथ क्षेत्र के पार्षद कमल वाघेला भी मौजूद थे, जो कि बाइक को चला रहे थे। विजयवर्गीय जैसे ही भागीरथपुरा में पहुंचे और उन्होंने लोगों से बात की, तो जैसे सालों से लोगों के अंदर भरा गुस्सा फूट पड़ा। इलाके की महिलाओं ने शिकायत करते हुए बताया कि हम पिछले डेढ़-दो साल से गंदे पानी की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अपने विधायक विजयवर्गीय को बताया कि इलाके में पीने के पानी की लाइन में ड्रेनेज का गंदा पानी मिल रहा है। बारिश में सड़क का गंदा पानी हमारे घरों में घुस आता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयवर्गीय पर महिलाओं की पूरी बात सुने बिना वहां से गाड़ी बढ़ाकर चले जाने का आरोप लगाया।
महिला बोली- नर्मदा के पानी में मिल रहा नाले का पानी
इलाके के लोगों से विजयवर्गीय की बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यहां की दो महिलाएं उन्हें शिकायती लहजे में अपनी समस्याएं बता रही हैं। इस दौरान एक महिला ने कहा 'आप चेम्बर की लाइन देखो, नर्मदा का पाइप और ड्रेनेज की लाइन दोनों आसपास हैं और नर्मदा की लाइन में गंदा पानी आ रहा है। बारिश में पूरा सीवेज का पानी घर में आ जाता है और घर की टंकी में जमा हो जाता है।' वहीं एक अन्य महिला ने कहा, वो गंदी नाली का इतना गंदा-गंदा बहकर घर में आता है ना, कि हम लोग परेशान हो जाते हैं। जब बारिश हो ना आप तब आकर देखना।'
महिला बोली- पार्षद से दो साल से कर रहे शिकायत
उनके जाने के बाद जब मीडिया ने इन महिलाओं से बात की तो सपना पाल नाम की महिला ने कहा, 'पीने के पानी की पाइपलाइन में ड्रेनेज की लाइन अटैच हो रही है, मगर इसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, आज काफी समय से लगभग साल-डेढ़ साल से हम लोग परेशान हैं। शिकायत देने जाते हैं टंकी पर इसके बाद भी हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीने के पानी को लेकर परेशान होते हुए हमें डेढ़-दो साल हो गए, इस बारे में हम पार्षद जी के पास शिकायत कर चुके हैं, वो हर बार कहते हैं ठीक है मैं करवाता हूं, मैं करवाता हूं। लेकिन आजतक हमारा कोई काम नहीं हुआ। पूरे मोहल्ले में हर वक्त कोई ना कोई बीमार रहता है, हाल-फिलहाल में भी 10-12 लोग बीमार हो चुके हैं, ये भी (पास खड़ी महिला) दस्त-उल्टी से परेशान है। ये भी (एक अन्य महिला) अभी अस्पताल में भर्ती होकर आई है।'
पटवारी बोले- मंत्री जी ने बात सुने बिना आगे बढ़ा ली गाड़ी
उधर भागीरथपुरा के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, 'गंदे पानी से 13 मौतों के बाद जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी विधानसभा के लोगों से मिलने पहुंचे, तब एक बहन ने उनकी पोल खोल दी। महिला ने बताया कि पिछले दो वर्षों से गंदा पानी आ रहा है। इस बारे में भाजपा पार्षद को बार-बार बताया गया, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। पूरा मोहल्ला बीमार है। लेकिन सत्ता के अहंकार में चूर मंत्री जी ने गाड़ी आगे बढ़ा ली और बहन की बात तक नहीं सुनी।'
आगे उन्होंने कहा, 'मंत्री जी, इंदौर ने आपको जनमत देकर विधानसभा पहुंचाया है, लेकिन आपकी लापरवाही और भ्रष्टाचार ने इन लोगों को ज़हर दिया। इसके बावजूद आपका रवैया और आपकी भाषा में अहंकार कूट कूट कर दिख रहा है। आख़िर भाजपा के अहंकारी नेताओं की बेशर्मी का पर्दा कब हटेगा?'
इससे पहले गुरुवार को किए एक अन्य ट्वीट में पटवारी ने लिखा, 'मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, इस दुखद घटना में मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और आपकी सरकार के साथ भी खड़ी है। लेकिन आपसे निवेदन है कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा रखते हुए दोषी लोगों से इस्तीफा लीजिए और पीड़ित परिजनों की वास्तविक मदद सुनिश्चित कीजिए। सिर्फ़ बयान और इवेंट से उनका दर्द कम नहीं होगा। यह विषय राजनीतिक नहीं है, लेकिन आपकी सरकार की लापरवाही पीड़ितों की जिंदगी को और अधिक कठिन बना रही है। इसलिए तत्काल हस्तक्षेप कर इंदौर को एक मजबूत और स्वतंत्र प्रभारी मंत्री दीजिए, जो जवाबदेही तय कर दोषियों से इस्तीफा ले सके।'
बता दें कि इंदौर के जिस भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से लोगों की मौत हुई है, वह कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र 'इंदौर 1' में आता है। उधर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री व विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने शहर में 9 मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि, दूषित पानी से अबतक 9 मौतें हुई हैं, 1400 लोग बीमार हैं, 200 अस्पताल में भर्ती हैं और सिर्फ एक मरीज वेंटिलेटर पर है।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




