बेटा घर पहुंचा तो खून से लथपथ मिले माता-पिता और नौकरानी, 2 की मौत- सिर कुचलकर हुए मर्डर

बेटा घर पहुंचा तो खून से लथपथ मिले माता-पिता और नौकरानी, 2 की मौत- सिर कुचलकर हुए मर्डर

संक्षेप:

ये मामला अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का है। बदमाशो ने तीनों के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए हैं। किसान राजेन्द्र के बेटे ने सबसे पहले खून से लथपथ शव देखे।

Dec 10, 2025 05:26 pm ISTRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, अनूपपुर
share

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार सुबह घर के बाहर खुले बरामदे में सो रहे हैं पति पत्नी और नोकरानी खून से लथपथ मिले। बताया जा रहा है कि करीब चार दिन पहले देर रात को दो-तीन लोग राजेंद्र पटेल के घर पर आए थे। उनका इरादा घर के बाहर रखा धान चोरी करना था। इसके बाद से राजेंद्र धान की रखवाली के लिए घर के बाहर ही सो रहे थे। पुलिस ने हत्या करने वालों की खोज शुरू कर दी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार

ये मामला अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का है। बदमाशो ने तीनों के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए हैं। किसान राजेन्द्र के बेटे ने सबसे पहले खून से लथपथ शव देखे। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान राजेंद्र उर्फ बबलू पटेल (40 वर्ष), निवासी लखनपुर और सीमा बैगा (25 वर्ष), निवासी डालाडीह, थाना जैतहरी के रूप में हुई है। वहीं रूपा पटेल (38 वर्ष), पति राजेंद्र पटेल, गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल रेफ़र किया गया है। सीमा राजेंद्र के घर में काम करती थी।

बेटे ने बताया आंखों देखा हाल

राजेंद्र के बेटे आलोक पटेल ने बताया की हमारा परिवार खेती करता है। मैं मंगलवार रात 11 बजे घर से ट्रैक्टर लेकर खेत चला गया था। हम पक्का घर बनवा रहे हैं, इसलिए सभी खुले बरामदे में ही सो रहे हैं, छोटा भाई आयुष पटेल (8) घर के अंदर सो रहा था। आज सुबह जब मैं घर पहुंचा, तो पापा खून से लथपथ बरामदे के पिलर पर पड़े थे। नौकरानी सीमा का शव उसके बिस्तर पर था। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। मम्मी की हालत गंभीर हैं, वह कुछ भी बोलने के स्थिति में नहीं थी। उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। तीनों एक ही बरामदे में सो रहे थे।

गांव के संपन्न परिवार के घर हुए मर्डर

ग्रामीणों ने बताया- राजेंद्र ने दो शादी की हैं। पहली पत्नी छोड़कर चली गई। उससे बेटा आलोक है। दूसरी पत्नी रूपा पटेल है, जिस पर हमला हुआ है। रूपा पटेल से बेटे का नाम आयुष पटेल है। राजेंद्र का परिवार काफी संपन्न है। उनके पास दो ट्रैक्टर सहित खेती किसानी में उपयोग होने वाली कई मशीनें हैं। जिन्हें परिवार किराए पर देता है। कई एकड़ सिंचित खेती है। गांव में किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।

पुलिस से मिली प्रथमिक जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात गांव के आसपास दो गाड़ियों में 6 लोगों को देखा गया था। ऐसा लगता है कि उन्होंने अपने वाहन गांव से 2-3 किलोमीटर दूर खड़े किए थे। इसके बाद वे राजेंद्र के घर पीछे के खेतों से पैदल आए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से चले गए, जिससे वापस आए थे।

रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव