ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को राहत, CBI ने बड़ा आरोप हटा लिया
सीबीआई ने ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ एक बड़ा आरोप हटा लिया है। इसके बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सिंह के वकील को जमानत की संशोधित अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया। गिरिबाला सिंह अभी अपने बेटे और ट्विशा के पति समर्थ सिंह के साथ जेल में हैं।

सीबीआई ने ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज के लिए परेशान करने का आरोप हटा लिया है। सिंह के वकील सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को यह जानकारी दी। गिरिबाला के लिए जमानत की अर्जी देते हुए वकील ने यह बात कही। गिरिबाला सिंह अभी अपने बेटे और ट्विशा के पति समर्थ सिंह के साथ जेल में हैं। इस दलील के बाद हाई कोर्ट ने गिरिबाला सिंह के वकील को जमानत की संशोधित अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया और मामले की सुनवाई के लिए 8 अक्टूबर की तारीख तय की।
गिरिबाला सिंह और समर्थ पर अपनी बहू ट्विशा शर्मा की मौत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। समर्थ से शादी के पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा ने आत्महत्या कर ली थी। जस्टिस अजय कुमार निरंकारी की बेंच ने गिरिबाला के वकील को जमानत की संशोधित अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया, क्योंकि मूल अर्जी में इस बात का जिक्र नहीं था कि 14 अगस्त को दाखिल चार्जशीट में सीबीआई ने उन पर दहेज से जुड़े आरोप नहीं लगाए हैं।
गिरबाला के वकील सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चार्जशीट में कहा गया है कि गिरबाला और समर्थ सिंह ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 85 (पति और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा क्रूरता और उत्पीड़न), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत अपराध किए हैं। लेकिन, सीबीआई को दहेज के लिए उत्पीड़न से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला। हमने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरबाला सिंह के लिए जमानत की अपील की क्योंकि वह पिछले पांच महीनों से जेल में हैं।
वहीं, ट्विशा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि 14 अगस्त को भोपाल की एक स्पेशल कोर्ट में सीबीआई द्वारा दाखिल 600 पन्नों की चार्जशीट में समर्थ और गिरबाला सिंह पर ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप तय किया है, लेकिन एजेंसी ने दहेज की मांग और दहेज के कारण मौत के दावों की जांच अभी खुली रखी है। श्रीवास्तव ने कहा कि जांच चल रही है और आरोपियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप से मिले डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक एनालिसिस रिपोर्ट का इंतजार है।
मॉडल और समर्थ सिंह की पत्नी ट्विशा शर्मा ने 12 मई को आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उनकी सास गिरिबाला और पति समर्थ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज निषेध कानून के तहत मामला दर्ज किया था। पूर्व जज को शुरू में 15 मई को भोपाल जिला और सत्र न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल गई थी। इसके बाद हाई कोर्ट में याचिका दायर कर जमानत दिए जाने को चुनौती दी गई थी। साथ ही मृतका का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए भी एक याचिका दायर की गई थी।
हाई कोर्ट ने दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। 27 मई को हाई कोर्ट ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द कर दी। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।


