कुआं धंसने से मलबे में दबीं कांग्रेस नेता की मां और पत्नी, दोनों की मौके पर ही मौत; MP में दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। निर्माणाधीन कुएं में गिरने से सास-बहू की मौत हो गई। इनमें से एक कांग्रेस नेता की पत्नी और दूसरी मां थी। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव कुएं से निकाले गए। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिए गए।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार एक दर्दनाक हादसे में कांग्रेस नेता की मां और पत्नी की मौत हो गई। दोनों एक निर्माणाधीन कुएं में गिर गईं और मिट्टी में दबने से उनकी मौत हो गई। कांग्रेस नेता जनपद सदस्य हैं। हादसे की खबर गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस प्रशासन रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंची और दोनों को कुएं से निकालने की प्रक्रिया शुरू किया। चार जेसीबी और तीन पोकलेन मशीनों की मदद से करीब 6 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद दोनों की लाश को कुएं से बाहर निकाला गया। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, क्षेत्रीय विधायक सहित आसपास के लोग घटनास्थल पर मौजूद रहे।
45 फीट गहरा था कुआं
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बामनगांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में जनपद सदस्य और कांग्रेस नेता मुकेश दांगी की मां रूपाबाई दांगी (52) और पत्नी प्रियंका उर्फ पिंकी दांगी (30) की निर्माणाधीन कुएं के धंसने से मौत हो गई। दोपहर करीब 1 बजे दोनों महिलाएं 45 फीट गहरे कुएं के पास सफाई और तराई का काम कर रही थीं। इसी दौरान किनारा धंसने से दोनों मलबे में समा गईं।
कुछ दूरी पर बैठे मुकेश दांगी को दोनों को संभालने का मौका तक नहीं मिला। सूचना पर एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मवीर नागर, तहसीलदार अनिल शर्मा और थाना प्रभारी कमल सिंह सोलंकी ने एसडीआरएफ टीम के साथ मोर्चा संभाला। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिट्टी के साथ सास-बहू भी कुएं में गिर गईं
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश की पत्नी पिंकी और मां निर्माणाधीन कुएं को देखने गई थीं। कुएं के निर्माण के बाद आरसीसी को मिट्टी से ढंक दिया गया था। दोनों कुएं के पास पड़ी गिट्टी इकट्ठा कर रही थीं। इसी बीच गिली मिट्टी कुएं में धंसने लगी। मिट्टी के साथ सास-बहू भी कुएं में गिर गईं। दोनों के ऊपर मलवा गिर जाने से वह कुएं में ही दब गई और हादसे का शिकार ही गईं। देर शाम 5 बजे के करीब रूपाबाई और साढ़े 6 बजे के करीब प्रियंका का शव निकाला जा सका। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
आर्थिक सहायता देने की तैयारी
एसडीएम अंकिता जैन के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बचाव अभियान के दौरान कुएं के आसपास मिट्टी धंस रही थी जिससे दूसरे हादसे का खतरा बना हुआ था। इस वजह से रेस्क्यू करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के ग्रामीण वीडियो बनाने में लगे रहे, जिससे भीड़ हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


