MP : कृष्ण जन्मोत्सव देख लौट रहीं 3 महिलाओं को ट्रक ने रौंदा, गांव में पसरा मौत का मातम

लाइव हिन्दुस्तान, मुरैना
share

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के हरफूल का पुरा गांव में शुक्रवार रात कुछ घरों की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां मंदिर से जन्माष्टमी का उत्सव देखकर घर वापस लौट रही तीन महिलाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई।

MP : कृष्ण जन्मोत्सव देख लौट रहीं 3 महिलाओं को ट्रक ने रौंदा, गांव में पसरा मौत का मातम
हादसे के मौक पर मौके पर जाकर जांच करते पुलिस अधिकारी

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह हादसा शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-44 पर स्थित घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव देखने और पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद दुकानों में जा घुसा ट्रक

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

मृतक महिलाओं के परिवारों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। त्योहार की रात घर से खुशी-खुशी निकलीं तीनों महिलाएं वापस नहीं लौट सकीं, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ा

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि मृतक तीनों महिलाएं हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घटनास्थल से हटाने का काम भी जारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कृष्ण जन्मोत्सव की रात जहां लोग भगवान के जन्म की खुशियां मना रहे थे, वहीं मुरैना में एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि मृतक महिलाओं की पहचान फूल सिंह कुशवाहा की पत्नी कमला कुशवाहा (52), बालकिशन कुशवाहा की पत्नी कमला (48) और धर्मवीर कुशवाहा की पत्नी पूनम (28) के रूप में हुई है। उदयभान सिंह यादव ने बताया कि कमला और पूनम रिश्ते में सास-बहू थीं।

बता दें कि एनएच-44 देश का सबसे लंबा नेशनल हाईवे है, जो जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक जाता है। यह मध्य प्रदेश के सिवनी, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, ग्वालियर और मुरैना सहित कई जिलों से होकर गुजरता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़MP : कृष्ण जन्मोत्सव देख लौट रही 3 महिलाओं को ट्रक ने रौंदा, गांव में पसरा मातम