रात को खाई थी बैंगन का भर्ता-रोटी, सुबह मिली तीन सगी बहनों की लाश; मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश के छतरपुर में तीन सगी बहनों की एक साथ मौत मामले में अपडेट सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मौत वाली रात को तीनों बहनों ने बैंगन का भर्ता और रोटी खाया था। हालांकि, अभी तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रहस्यमयी परिस्थितियों में तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। छतरपुर के ईसानगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर जानकारी देते हुए पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि तीनों बहनों ने मौत वाली रात को बैंगन का भर्ता और रोटी खाया था। हालांकि, अभी तक मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है।
बता दें कि शनिवार की रात को तीन बहनों ने बैंगन का भर्ता खाया और सो गईं। सुबह उन तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ईसानगर थाना क्षेत्र के पिपोरा खुर्द गांव के रहने वाले बालमुकुंद कुशवाहा की तीन बेटियां थीं। तीनों ने उस रात बैंगन का भर्ता और रोटी खाया था। इसके अलगी सुबह तीनों की लाश मिली। पुलिस ने बताया कि इस घटना को पुलिस जांच चल रही है और मौत की वजह का पता लगाया जा रहा है।
बिना पुलिस को बताए दफना दिया शव
इस घटना की जानकारी पुलिस को तब हुई, जब परिवार ने बिना पुलिस को बताए तीनों के शवों को दफना दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इस मामले पर बात करते हुए छतरपुर के चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर आरपी गुप्ता ने बताया कि जैसे ही उनके संज्ञान में ये मामला आया, वो अपनी पूरी टीम लेकर गांव की तरफ चल पड़े और दफन किए गए शवों के पास जाकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी। सीएमएचओ के साथ पुलिस, रेवेन्यू और एफएसएल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
इस मामले पर बात करते हुए आरपी गुप्ता ने कहा कि उनकी टीम शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है और पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर तीनों बहनों की मौत की असली वजह क्या थी।
इस घटना के बाद पुलिस की टीम परिजनों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही कब क्या हुआ, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। पुलिस की टीम के साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों को इस मामले की जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वो आगे की कार्रवाई कर पाएंगे।


