
MP : इंदौर में बंद कार के अंदर मिली पुजारी की लाश, सिर में लगी थी गोली; रातभर से थे गायब
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान जगह पर खड़ी काले रंग कार के भीतर पुजारी का शव मिला। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने कांच तोड़कर खोला।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक सुनसान जगह पर खड़ी काले रंग कार के भीतर एक पुजारी का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। कार अंदर से लॉक थी, पुलिस ने कांच तोड़कर उसे खोला। कार के अंदर बैठे पुजारी के सिर में गोली लगी हुई थी और पास ही एक पिस्टल भी पड़ी मिली। सुबह-सुबह इस घटना की खबर फैलने से इलाके में हड़कंप और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। यह आत्महत्या थी या कोई सुनियोजित हत्या, इस सवाल ने पूरे मामले को रहस्य बना दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
खजराना पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सतीश शर्मा (36), पिता कैलाश शर्मा के रूप में हुई है। शव कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर मिला, जिसे बाहर निकालकर एमवाय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। सतीश मूल रूप से अशोक नगर जिले के रहने वाले थे।
पूजा का सामान लेने घर से निकले, फिर वापस नहीं लौटे
सतीश शर्मा लसूड़िया मोरी स्थित मंदिर में पुजारी थे और पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। सोमवार देर शाम वे पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन पूरी रात घर नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे रिश्तेदारों को उनका एक फोन आया, जिसके बाद परिजन बेचैन हो उठे और उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन सुबह जो सच सामने आया, उसने सबको झकझोर रख दिया।
मंगलवार तड़के महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में पुजारी सतीश शर्मा की कार खड़ी मिली और भीतर उनका शव पड़ा था। कार से पिस्टल बरामद होने के बाद मामला और उलझ गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, कॉल डिटेल और घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह खुदकुशी है या किसी साजिश के तहत की गई निर्मम हत्या। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और कई अहम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
रिपोर्ट : हेमंत





