खुद को ब्राह्मण बता मुस्लिम ने की शादी, अब धर्म परिवर्तन का बना रहा दबाव; बच्चे संग थाने पहुंची महिला
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर में बुधवार को एक महिला ने अपने 8 साल के बेटे और हिंदूवादी संगठन के साथ पुलिस थाने पहुंचकर धर्म परिवर्तन के दबाव का दावा किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर में बुधवार को एक महिला ने अपने 8 साल के बेटे और हिंदूवादी संगठन के साथ पुलिस थाने पहुंचकर धर्म परिवर्तन के दबाव का दावा किया है। महिला का आरोप है कि मुस्लिम शख्स ने खुद को हिंदू बताकर उससे शादी की। उनका 8 साल का बेटा भी है। महिला का आरोप है कि अब उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। महिला ने मारपीट, दुष्कर्म के साथ धर्मांतरण के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह भोपाल की रहने वाली है। उसका पहला विवाह परिजनों की सहमति से समाज में ही हुआ था। पारिवारिक कलह और अन्य कारणों से वह रिश्ता टूट गया। गुजर बसर करने के लिए वह टेलीकॉम कंपनी में नौकरी करने लगी। इसी दौरान भोपाल के करौंद के पास अपने रिश्तेदार के यहां अक्सर आने वाले शुजालपुर निवासी शेख जाहिद उर्फ गामा पिता शेख सईद निवासी डाबरीपुरा से उसकी पहचान हुई थी। पीड़िता ने कहा कि उनका 8 साल का एक बेटा भी है। लेकिन पति ने बेटे का कोई जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या उसकी पहचान का कोई दस्तावेज नहीं बनवाया।
ब्राह्मण बता महिला को झांसे में लिया
पीड़िता का आरोप है कि गामा ने खुद को ब्राह्मण समाज का बताकर महिला को झांसे में लेकर संबंध बनाए और गर्भवती होने पर 7 साल पहले कोर्ट में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर कोर्ट मैरिज करना बताया। इस दौरान महिला को पता चला कि युवक मुस्लिम समाज का है और उसके गर्भ में उसका बच्चा पल रहा है। कोर्ट मैरिज के बाद से ही युवक महिला को प्रताड़ित करने लगा और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना देने के अलावा मारपीट कर उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जाती रही।
महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव
महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी गामा दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश कर रहा है। उसे इस्लाम धर्म अपनाने को कहा गया और मना करने पर मारपीट की गई। लगातार हो रहे अत्याचार से परेशान होकर पीड़िता एक साल शाजापुर व कुछ समय भोपाल जाकर भी रही, लेकिन शेख जाहिद उर्फ गामा उसे सामान सहित वापस शुजालपुर ले आया और मारपीट की पीडिता ने गामा के भाई साजिद पर धमकाने ओर प्रताड़ित करने के भी आरोप लगाए हैं।
महिला अपने घर जाना चाहती है
पीड़िता महिला ने पुलिस से कहा कि वह अपने कथित पति से पीछा छुड़ाना चाहती है। वह शाकाहारी भोजन करती है। लेकिन उसे मांसाहार खिलाने, नमाज पढ़ने के साथ ही धर्म परिवर्तन करवाने का दबाव लगातार बनाया जा रहा है और वह अब अपने परिवार के साथ भोपाल जाकर रहना चाहती है। थाना प्रभारी प्रेमलता खत्री ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच विवेचना की जा रही है। पीड़िता ब्राह्मण समाज की है। वह 12 साल पहले भोपाल में गामा से संपर्क में आई। पीड़िता को कथित पति गामा से 8 वर्ष का एक बेटा भी है। पीड़िता को मुस्लिम धर्म अपनाने व अन्य बातों के लिए प्रताड़ित करने की शिकायत पर पति गामा, देवर साजिद पर दुष्कृत्य, धार्मिक स्वातंत्र्य अधिनियम में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।