'सर तन से जुदा' का याद दिलाया नारा, पीएम मोदी ने MP से राजस्थान को भी साधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बड़वानी में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने मध्य प्रदेश से राजस्थान को भी साधने की कोशिश की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बड़वानी में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने मध्य प्रदेश से राजस्थान को भी साधने की कोशिश की और कन्हैयालाल हत्याकांड की ओर इशारा करते हुए 'सर तन से जुदा' नारे का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि क्या कभी ऐसी कल्पना की जा सकती थी कि भारत में इस तरह का नारा लगेगा।
फिर एक बार भाजपा सरकार का नारा लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आजकल मध्य प्रदेश में एक और नारा गूंज रहा है। यह लोगों के दिलों से निकला है। दशकों के अनुभव से निकला है। आंखों से जो देखा है, उससे यह नारा निकला है। कांग्रेस आई, तबाही लाई। मध्य प्रदेश ने तो इसे भुगता है। बीते वर्षों के अनुभव कहते हैं जहां जहां से कांग्रेस साफ हुई है। वहां खुशहाली आई है। जहां फिर कांग्रेस की सरकार आई है, समृद्ध से समृद्ध राज्य भी संकट में घिर गए।'
पीएम मोदी ने हिमाचल और कर्नाटक जैसे राज्यों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस ने हिमाचल के किसानों, माताओं-बहानों और कर्मचारियों को चांद-तारे लाने का वादा किया था। झूठे लॉलीपॉप से पकड़ाकर खेल तो कर लिया, आज स्थिति यह है कि वहां पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया। किसानों को सेब की उपज पानी में बहानी पड़ी। कांग्रेस ने युवाओं और कर्मचारियों के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे। कर्मचारियों को भी धोखा ही दिया। यही कर्नाटक में किया। कांग्रेस सरकार बनते ही बिजली महंगी कर दी। दूध महंगा कर दिया। इससे सामान्य परिवार, किसान और छोटे-बड़े सभी परेशान हैं। कर्नाटक में विकास ठप हो गया है। ऐसी बर्बादी समृद्ध कर्नाटक में ला सकती है तो सोचिए मध्य प्रदेश का क्या करेंगे।'
पीएम मोदी ने कहा, 'अभी तो कुर्सी पाने के लिए कांग्रेस सोने का महल बनाने का वादा कर सकती है। अब यह सोना कौन सा लाएंगे, आलू वाला? (हंसते हुए) कोई भरोसा नहीं। अभी सोने का महल कहेंगे, फिर कहेंगे आलू से सोना निकालूंगा फिर बनाऊंगा। सत्ता मिलते ही कांग्रेस आपको भूलकर लूट का कारोबार शुरू कर देगी।' मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को सभी 200 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
पीएम मोदी ने राजस्थान का जिक्र करते हुए कन्हैयालाल हत्याकांड की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की एक और पहचान है। जहां कांग्रेस आती है वहां अपराध चरम पर पहुंच जाते हैं। कांग्रेस सरकार में दंगे फसाद आम हो जाते हैं। कांग्रेस सरकार में बहन-बेटियों के साथ अत्याचार चरम पर पहुंच जाता है। लोगों के लिए अपने तीज त्योहार मनाना मुश्किल हो जाता है। पड़ोस में राजस्थान में देखिए। बीते 5 वर्षों में क्या-क्या नहीं हुआ। क्या हम कल्पना भी कर सकते थे कि भारत में कभी 'सर तन से जुदा' ऐसे नारे सुनेंगे। लेकिन कांग्रेस के कुशासन में वीरधरा राजस्थान में कैमरे के सामने हुआ। हमें राजस्थान तो बचाना ही मध्य प्रदेश को बर्बादी की तरफ जाने नहीं देना है। कांग्रेस के बातों और वादों पर देश बिल्कुल भरोसा नहीं कर रहा है।'
