फोटो गैलरी

Hindi News मध्य प्रदेशमिशन MP! फर्स्ट टाइम वोटर को PM मोदी ने दी यह सलाह, एक वादा याद दिला कांग्रेस को यूं घेरा

मिशन MP! फर्स्ट टाइम वोटर को PM मोदी ने दी यह सलाह, एक वादा याद दिला कांग्रेस को यूं घेरा

PM Modi Rally In Bhopal : आज दुनिया भारत को जो कुछ भी कह रही है वो पहले भी हो सकता था। लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का भला करने में जुटी रही। कांग्रेस की राजनीति अभाव में फलती-फुलती है।

मिशन MP! फर्स्ट टाइम वोटर को PM मोदी ने दी यह सलाह, एक वादा याद दिला कांग्रेस को यूं घेरा
Nishant Nandanलाइव हिन्दुस्तान,भोपालMon, 25 Sep 2023 02:16 PM
ऐप पर पढ़ें

PM Modi Rally In Bhopal : मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बेहद ही खास चुनाव से पहले मिशन मध्य प्रदेश पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी भोपाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले वोटरों को भी पीएम ने एक खास सलाह दी है। पीएम मोदी ने यहां कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश आगे बढ़ता है तो कांग्रेस को पीड़ा होती है। कांग्रेस को डिजिटल लेनदेन पसंद नहीं है। कांग्रेस को भारत की उपलब्धि पसंद नहीं है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया है। 

पीएम ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि देश का मान बढ़े तो आपको गर्व होता है या नहीं? आपको होता है कांग्रेस वालों को नहीं होता है क्योंकि कांग्रेस ना खुद बदलना चाहती है और ना ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने के लिए घोर परिश्रम कर रहा है लेकिन कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले जाना चाहती है।

फर्स्ट टाइम वोटरों से क्या बोले PM...

इसके बाद पीएम मोदी ने फर्स्ट टाइम वोटरों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं फर्स्ट टाइम वोटर्स को एक बात बताना चाहता हूं। मेरे नौजवान साथियों गौर से मेरी बात सुनिए। घर जाकर अपने माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी से बात करिए। उनसे पूछिए कि आपके माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी को अभाव में रखने के लिए सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार है या नहीं? उनको मुसीबत में रखने के लिए सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार है। पीएम ने कहा कि पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाता भाग्यशाली हैं कि उन्होंने मध्य प्रदेश में केवल भाजपा की सरकार देखी, जो भारत के विकास के दृष्टिकोण का अहम केन्द्र है 

कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का भला करने में जुटी रही

आज दुनिया भारत को जो कुछ भी कह रही है वो पहले भी हो सकता था। लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का भला करने में जुटी रही। कांग्रेस की राजनीति अभाव में फलती-फुलती है। गरीबी और मुश्किलों में फलती-फुलती है। इन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाई कि गरीब को हमेशा हाथ फैलाना पड़े और हर चीज के लिए निर्भर रहना पड़े। गरीब को तरसा कर कांग्रेस को अच्छा लगता था। ये अपनी योजनाओं का लाभ उन लोगों को देते थे जो उन्हें वोट देते थे। 

इसलिए कांग्रेस ने देश के लोगों को अभाव में जीने के लिए मजबूर किया। जो मुश्किलें आपके माता-पिता से पहले की पीढ़ियों ने झेली वो अब आपको और आपके बच्चों को ना झेलनी पड़े इसके लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है। 

कांग्रेस को वादे की याद दिला घेरा

पीएम मोदी रैली में मौजूद लोगों के बीच कांग्रेस पार्टी को भी अपने चिर-परिचित अंदाज में घेरा। पीएम मोदी ने यहां लोगों से कहा मैं आपसे एक बात पूछूं। पूरी ताकत से जवाब देंगे। आपको पता है ना कि कांग्रेस ने 50 साल पहले एक वादा किया था। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था। लेकिन क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया? अब मैं आपको एक और आंकड़ा बताना चाहता हूं। ये आंकड़ा यह है कि भाजपा सरकार के पांच साल के ही शासन में ही देश में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। पीएम ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के इतिहास वाली परिवारवादी पार्टी है। यह जंग लगे उस लोहे की तरह है जिसे यदि बारिश में रख दिया जाए, तो वह खत्म हो जाएगा

45 दिनों में पीएम मोदी का तीसरा दौरा

बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा की ओर से पांच अलग-अलग क्षेत्रों से निकाली गई 'जन आशीर्वाद यात्राओं' का आज समापन समारोह था और जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में 'कार्यकर्ता महाकुंभ' का आयोजन किया गया था। पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा रहा।। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने 'महाकुंभ' कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा था और इस कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें