Madhya Pradesh News: इंदौर में बी फार्मा के स्टूडेंट ने लगाई फांसी, समलैंगिक रिश्तों से था परेशान
MP News: इंदौर के समीप राऊ थाना क्षेत्र के उम्मेद पैलेस में रहने वाले एक 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में छात्र ने समलैंगिक संबंध से परेशान होकर फांसी लगाने की बात कही है।

इंदौर के समीप राऊ थाना क्षेत्र के उम्मेद पैलेस में रहने वाले एक 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार और पुलिस के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें सुसाइड नोट बरामद हुआ। छात्र का संबंध एक लड़के के साथ होना बताया जा रहा है। सुसाइड नोट में छात्र ने समलैंगिक संबंध से परेशान होकर फांसी लगाने की बात लिखी है। छात्र ने लिखा कि कुछ महीनों से उसके समलैंगिक संबंध एक अन्य युवक से थे। इसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
फांसी पर लटका मिला छात्र का शव
राऊ थाने के जांच अधिकारी कैलाश वानखेड़े ने बताया कि राव थाना क्षेत्र के ओमिनी कॉलोनी में रहने वाले 19 वर्षीय नमन पाटीदार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नमन सिमरोल का रहने वाला बताया जा रहा है। वह बी फार्मा की तैयारी के लिए रंगवासा कॉलोनी में एक किराए के मकान में रह रहा था। वह सेकंड ईयर का छात्र था। परिजन जब रविवार को दोपहर के वक्त घर पहुंचे तो छात्र ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर दरवाजा तोड़ा गया तो छात्र फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
व्हाट्सएप के जरिए हुई बात
मृतक नमन के फोन की छानबीन किए जाने पर सनसनीखेज जानकारियां सामने आई हैं। सुसाइड नोट में उसका संबंध एक अन्य लड़के से होना पाया गया है। छात्र ने सुसाइड नोट में लिखा है कि दो-तीन महीने पहले एक युवक से व्हाट्सएप चैटिंग के माध्यम से बात हुई। दोनों एक दूसरे को मैसेज भेजने लगे। दोनों के समलैंगिक संबंध बन गए। पुलिस सूत्रों की मानें तो छात्र अन्य युवक से समलैंगिक संबंध होने की बातों से परेशान था। पुलिस उस युवक से पूछताछ करेगी जिससे छात्र के संबंध बताए जाते हैं। पुलिस इस पूछताछ के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाएगी।
साथ में पढ़ने वाले छात्र से हो गई थी दोस्ती
मृतक छात्र राऊ स्थित एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करता था। पढ़ाई करने के दौरान उसकी दोस्ती एक छात्र से हो गई थी। दोनों के बीच समलैंगिक संबंध भी बन गए। दोनों अकेले में मिला करते थे। कुछ महीनों से मृतक नमन के दोस्त ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। इस वजह से वह डिप्रेशन में रहता था। घटना के बाद मृतक के पिता मकान पर पहुंचे थे। परिजनों ने इस मामले में अभी तक किसी तरह के कोई बयान पुलिस को नहीं दिए हैं। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर छानबीन कर रही है।




